Lucknow-Kanpur Expressway: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (National Expressway 6) जल्द ही आम जनता के लिए पूरी तरह खुलने जा रहा है. उत्तर प्रदेश के दो बड़े औद्योगिक और आर्थिक शहरों (लखनऊ और कानपुर) को जोड़ने वाला यह 63 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे यूपी की तरक्की की नई रफ्तार बनने के लिए तैयार है.
ADVERTISEMENT
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इस हाई-टेक एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं, जिसके बाद इस पर गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. आइए जानते हैं इस एक्सप्रेसवे से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात, जो आपके सफर को आसान बनाने वाली है.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को क्या बनाता है खास
- अभी लखनऊ से कानपुर जाने में करीब 2 घंटे या उससे ज्यादा का वक्त लगता है, लेकिन इस नए 6-लेन एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद यह दूरी महज 45 मिनट में पूरी हो जाएगी.
- ये कुल 63 KM लंबा है, जिसमें 45 KM ग्रीन फील्ड एरिया और 18 KM एलिवेटेड सेक्शन शामिल है
- इस एक्सप्रेसवे को 120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के लिए डिजाइन किया गया है.
- इसे बनाने में करीब 3,700 करोड़ रुपये की लागत आई है.
- एक्सप्रेसवे लखनऊ के सरोजनीनगर के मीरनपुर पिनवट गांव से शुरू होकर उन्नाव के अता गांव तक जाता है. इसके बाद कानपुर में एंट्री करने के लिए जाजमऊ गंगा पुल तक पहुंचने के लिए 5.5 किलोमीटर का सफर तय करना होगा.
- अमरास गांव के पास एक्सप्रेसवे पर 'वे-साइड एमेनिटी' (यात्रियों के रुकने और खाने-पीने की जगह) विकसित की जा रही है, जहां गाड़ियों और बसों की पार्किंग के लिए काफी खाली जगह मौजूद है.
कितना लगेगा टोल टैक्स?
अगर आप इस एक्सप्रेसवे से सफर करने की सोच रहे हैं, तो जेब का हिसाब भी नोट कर लीजिए. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस 63 किलोमीटर लंबे सफर के लिए कार मालिकों को 275 रुपये का टोल टैक्स चुकाना होगा.
बिना रुके कटेगा टोल
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी खासियत ये है कि लखनऊ शहर से एंट्री करते वक्त वाहन चालकों को बैरियर-मुक्त और लेन-मुक्त टोलिंग सिस्टम का अनुभव मिलेगा. इसका मतलब है कि आपको टोल प्लाजा पर रुकने की झंझट नहीं होगी. हालांकि, कानपुर या अन्य 4 एंट्री-एग्जिट रैंप से आने-जाने वालों के लिए पारंपरिक टोल प्लाजा सिस्टम रहेगा.
NHAI ने बताया- क्यों खास है यह एक्सप्रेसवे?
- नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के मुताबिक, यह एक्सप्रेसवे सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि यूपी के विकास का एक बड़ा कॉरिडोर है.
- इसमें कंट्रोल्ड एक्सेस, सर्विस रोड, अंडरपास, साफ साइनेज और एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जो सफर को सुरक्षित बनाएंगी.
- यात्रा का समय घटने से माल ढुलाई आसान होगी. इससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार, बिजनेस और एजुकेशन हब के नए रास्ते खुलेंगे.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर अपडेट
पीएमओ (PMO) ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से इस प्रोजेक्ट की पूरी डिटेल मांगी थी, जिसके बाद तैयारियां तेज हो गई थी. उम्मीद है कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन जल्द किया जा सकता है.
ADVERTISEMENT










