UP weather fog alert: पूरे यूपी से सुबह 11 बजे की सैटलाइट तस्वीर सामने आई, देखिए कैसे पसरा हुआ है फॉग, कोहरे को लेकर ये अलर्ट

UP weather fog alert: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे ने दस्तक दे दी है. सुबह 11 बजे की सैटलाइट तस्वीरों में पूरे उत्तर भारत और इंडो-गैंगेटिक प्लेन को कोहरे की चादर में लिपटा हुआ देखा गया. विस्तार से पढ़िए पूरी खबर.

UP Weather Update

यूपी तक

30 Dec 2024 (अपडेटेड: 08 Jan 2025, 01:32 PM)

follow google news

Uttar Pradesh Satellite picture 11 am: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में घने कोहरे ने दस्तक दे दी है. सुबह 11 बजे की सैटलाइट तस्वीरों में पूरे उत्तर भारत और इंडो-गैंगेटिक प्लेन को कोहरे की चादर में लिपटा हुआ देखा गया. पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. घने कोहरे और बढ़ती ठंड को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. 

यह भी पढ़ें...

सैटलाइट तस्वीर में दिखा यूपी का हाल

सुबह 11 बजे की सैटलाइट तस्वीर में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा पसरा हुआ देखा गया. राजधानी लखनऊ समेत लगभग 60 जिलों में कोहरा छाने से दृश्यता 100 से 200 मीटर तक रह गई है. 

कोहरे से जुड़ा IMD का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 30 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में घने कोहरे की संभावना है. खासतौर पर सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहेगी. अनुमान है कि नए साल के साथ यूपी में ठंड और बढ़ेगी.

किन जिलों में ज्यादा असर? 

 

हमारी सहयोगी वेबसाइट किसान तक से बात करते हुए आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर को कई जिलों में घना कोहरा रहेगा. इनमें बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मऊ, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़ और बलिया प्रमुख हैं. इसके अलावा देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, कानपुर, रायबरेली, अयोध्या, सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद और बुलंदशहर समेत अन्य जिलों में भी कोहरा रहेगा.

 

 

ठंड बढ़ने का अनुमान

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर भारत में नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है. इसके चलते ठंड और ठिठुरन बढ़ने की संभावना है.

सबसे कम तापमान वाले जिले

रविवार को यूपी के नजीबाबाद और बुलंदशहर में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा. अन्य जिलों में तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा.

ठंड से सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने घने कोहरे के कारण यातायात में रुकावट और स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है. ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करें.

आने वाले दिनों का अनुमान

नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तरी-पछुआ हवाओं के कारण ठंड में और इजाफा होगा. इस दौरान दिन और रात दोनों का तापमान गिरने का अनुमान है. विशेषज्ञों के मुताबिक, जनवरी में ठंड का सबसे कड़ा दौर देखने को मिल सकता है. घने कोहरे और बढ़ती ठंड के इस मौसम में सभी को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है.