UP School Holiday: उत्तर प्रदेश में लाखों शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं. इसी को देखते हुए मेरठ, गाजियाबाद, बागपत और मुजफ्फरनगर में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है.
ADVERTISEMENT
प्रशासन का कहना है कि फैसला छात्रों की सुरक्षा और कांवड़ यात्रा के दौरान बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है. हालांकि, जिन परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले से तय है, वे तय समय पर ही कराई जाएंगी. यूपी के कई जिलों में सरकारी से लेकर प्राइवेट तक सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है.
मेरठ में 12 अगस्त तक बंद रहेंगे सभी स्कूल
मेरठ जिला प्रशासन ने जिलाधिकारी वी.के. सिंह के निर्देश पर सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों को 12 अगस्त तक बंद रखने का आदेश जारी किया है.
आदेश कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा. इसमें बेसिक शिक्षा परिषद, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, सीआईएससीई, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से जुड़े सरकारी और निजी स्कूल शामिल हैं. इसके अलावा सरकारी और निजी कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों में भी इस अवधि के दौरान नियमित कक्षाएं नहीं चलेंगी. हालांकि, जिन परीक्षाओं की तारीख पहले से तय है, वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी.
गाजियाबाद में 4 से 12 अगस्त तक छुट्टी
गाजियाबाद प्रशासन ने भी कांवड़ यात्रा को देखते हुए 4 अगस्त से 12 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है.
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों के साथ-साथ कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान भी बंद रहेंगे. आदेश बेसिक शिक्षा बोर्ड, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड और अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से जुड़े संस्थानों पर लागू होगा.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहले से निर्धारित परीक्षाएं इस आदेश से प्रभावित नहीं होंगी और तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी.
मुजफ्फरनगर में 3 से 10 अगस्त तक रहेगा अवकाश
मुजफ्फरनगर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने 3 अगस्त से 10 अगस्त तक सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित की है.
इसमें प्री-प्राइमरी, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक स्कूल, यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के स्कूल, डिग्री कॉलेज, डायट और तकनीकी संस्थान शामिल हैं.
बागपत में भी 12 अगस्त तक स्कूल बंद
बागपत में भी कांवड़ यात्रा को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 3 अगस्त से 12 अगस्त तक अवकाश घोषित किया गया है.
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार यादव ने आदेश जारी किया. प्रशासन का कहना है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों कांवड़िए बागपत के रास्ते गुजर रहे हैं. इसके अलावा जिले के ऐतिहासिक शिव मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं. ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
शामली में कुछ स्कूलों का अलग फैसला
शामली में कुछ स्कूलों ने अपने स्तर पर छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला किया है. इसका मकसद यह है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और दूसरी ओर छात्रों की पढ़ाई भी पूरी तरह प्रभावित न हो.
ADVERTISEMENT











