Divyangjan Rojgar Abhiyan 3.0: उत्तर प्रदेश में दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार ने रोजगार अभियान शुरू किया है. यह अभियान दिव्यांग युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ेगा. 'दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0' की शुरुआत आज, यानी 3 अगस्त से शुरू हो चुकी है. यह राज्यव्यापी अभियान 10 अगस्त 2026 तक चलाया जाएगा.
ADVERTISEMENT
राज्य सरकार इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों और सरकारी आईटीआई (ITI) में रोजगार मेले का आयोजन कर रही है. इस अभियान के तहत सरकार दिव्यांग युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार प्राइवेट सेक्टर में नौकरी और व्यवसाय शुरू करने के अवसर देगी.
सरकारी आईटीआई में लगेंगे रोजगार शिविर
इस अभियान के तहत राज्य के सभी सरकारी आईटीआई (ITI) में विशेष रोजगार मेले लगाए जाएंगे. यहां कौशल प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांग युवाओं को उनके हुनर के हिसाब से नौकरी के मौके दिए जाएंगे. इन शिविरों में कई प्राइवेट कंपनियां भी शामिल होंगी जो युवाओं को सीधे नौकरी देंगी.
3 से 10 अगस्त तक विशेष अभियान
जानकारी के मुताबिक, इस अभियान का संचालन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) द्वारा 3 अगस्त से लेकर 10 अगस्त 2026 तक किया जाएगा. इसका मकसद दिव्यांगजनों को टिकाऊ रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है.
स्वरोजगार के लिए मिलेगी पूरी मदद
जो युवा अपना खुद का काम शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए भी यह अभियान बहुत फायदेमंद है. उन्हें एमएसएमई (MSME) विभाग की मदद से सरकारी योजनाओं और बैंक लोन से जुड़ी सभी जानकारियां और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
पुराने लाभार्थियों का होगा भौतिक सत्यापन
'दिव्यांगजन रोजगार अभियान 3.0' की एक खास बात यह है कि इसमें पिछले दो चरणों के दौरान रोजगार या स्वरोजगार से जुड़े दिव्यांगजनों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) भी किया जाएगा. इस जांच का मकसद यह पता लगाना है कि पूर्व में मिले रोजगार या स्वरोजगार का लाभ उन्हें अब भी मिल रहा है या नहीं, और उनकी मौजूदा स्थिति कैसी है.
CDO की अध्यक्षता में निगरानी समिति
अभियान को सही तरीके से लागू करने और इसकी पारदर्शी मॉनिटरिंग के लिए हर जिले में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में एक निगरानी समिति बनाई गई है. यह समिति जिले में चल रही सभी गतिविधियों पर नज़र रखेगी और 10 अगस्त तक सभी लाभार्थियों की विस्तृत जानकारी शासन को भेजेगी.
टॉप 5 जिलों को मिलेगा बड़ा सम्मान
इस अभियान में बेहतरीन काम करने वाले जिलों का हौसला भी बढ़ाया जाएगा. सबसे ज्यादा दिव्यांग युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार दिलाने वाले टॉप-5 जिलों की पहचान की जाएगी. इन शानदार जिलों के जिलाधिकारियों और उनकी पूरी टीम को शासन स्तर पर सम्मानित किया जाएगा.
ADVERTISEMENT











