UP IAS Transfer List: आज उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुपूरक बजट पेश कर दिया. इसी बीच एक लिस्ट जारी हुई... लिस्ट थी 13 आईएएस अफसरों के तबादले की. योगी सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. इस फेरबदल में कई मंडलायुक्त, सचिव स्तर के अधिकारियों और प्रमुख विभागों के अफसरों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
ADVERTISEMENT
इस सूची में अनिल ढींगरा, इन्द्र विक्रम सिंह, रविंद्र, वैभव श्रीवास्तव, भूपेंद्र एस. चौधरी, सोनिया अग्रवाल और सतीश पाल जैसे कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं. सरकार ने कई अहम विभागों के साथ-साथ गोरखपुर, बरेली, प्रयागराज और बस्ती मंडलों में भी बदलाव किए हैं.
इन्द्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए मंडलायुक्त,
गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा को आवास आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निदेशक नगर भूमि सीमारोपण और सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का दायित्व दिया गया है. कृषि, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के सचिव इन्द्र विक्रम सिंह को नया मंडलायुक्त, गोरखपुर बनाया गया है.
रविंद्र को मिली एक्स्ट्रा जिम्मेदारी
प्रमुख सचिव, कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग रविंद्र को उनके वर्तमान पद के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
वहीं, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव को मंडलायुक्त, बस्ती नियुक्त किया गया है. गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.
भूपेंद्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग की जिम्मेदारी
बरेली के मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शम्भु कुमार को मंडलायुक्त, बरेली बनाया गया है.
लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव डॉ. लोकेश एम. को मंडलायुक्त, प्रयागराज नियुक्त किया गया है. प्रयागराज की मंडलायुक्त सोनिया अग्रवाल को श्रमायुक्त, उत्तर प्रदेश बनाया गया है.
सचिव पुष्प राज सिंह का नोएडा ट्रांसफर
राजस्व परिषद, प्रयागराज के सदस्य (न्यायिक) संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है. गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्प राज सिंह को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा बनाया गया है.
नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल को विशेष सचिव, गृह विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की जिम्मेदारी दी गई है. आवास आयुक्त, उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद, निदेशक नगर भूमि सीमारोपण और सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग डॉ. बलकार सिंह को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) बनाया गया है.
कई अहम विभागों में हुआ बदलाव
इस प्रशासनिक फेरबदल में आवास, कृषि, गृह, लोक निर्माण, प्रशासनिक सुधार, बिजली, श्रम और औद्योगिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों के साथ-साथ गोरखपुर, बरेली, प्रयागराज और बस्ती मंडलों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. माना जा रहा है कि सरकार ने प्रशासनिक कामकाज को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बदलाव किए हैं.
ADVERTISEMENT











