UP Government Budget 2026: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार आज वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट पेश करने जा रही है. सरकार के इस बजट में बड़ी आबादी को राहत देने वाले कई ऐलान होने की उम्मीद है. सूत्रों के मुताबिक आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों तथा ग्राम चौकीदारों के मानदेय (मासिक भुगतान) में बढ़ोतरी के लिए बजट में प्रावधान किया जा सकता है. इसके अलावा युवाओं, किसानों, इंफ्रास्ट्रक्चर और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी योजनाओं के लिए भी अतिरिक्त धनराशि का इंतजाम होने के आसार हैं.
ADVERTISEMENT
25 हजार करोड़ से ज्यादा का हो सकता है अनुपूरक बजट
वित्तीय वर्ष 2026-27 का पहला अनुपूरक बजट आज दोपहर 12.20 बजे विधानसभा में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य पेश करेंगे. इससे पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में बजट प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी. अनुमान है कि अनुपूरक बजट का आकार 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है. माना जा रहा है कि इसके जरिए सरकार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को भी गति देने की कोशिश करेगी.
औद्योगिक विकास पर भी रहेगा फोकस
अनुपूरक बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई योजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि मिलने की उम्मीद है. खास तौर पर नए लिंक एक्सप्रेसवे और दूसरी एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए बजट में अच्छा-खासा प्रावधान किया जा सकता है. राज्य मार्गों के लिए भी बड़ी राशि जारी होने के आसार हैं. गंगा और अन्य एक्सप्रेसवे के किनारे हरियाली विकसित करने के साथ औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाओं को भी बजट में जगह मिल सकती है. बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास की योजनाओं को रफ्तार देने की कोशिश भी दिख सकती है.
युवाओं, किसानों और धार्मिक पर्यटन के लिए भी ऐलान
सरकार युवाओं के लिए 'युवा समग्र विकास योजना' नाम से नई योजना की घोषणा कर सकती है. धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मथुरा समेत कुछ अन्य प्रमुख स्थलों के लिए धन आवंटित किए जाने की संभावना है. वकीलों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रावधान भी अनुपूरक बजट में किया जा सकता है. वहीं, 'मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना' के तहत छात्रवृत्ति की राशि में 2 हजार रुपये की बढ़ोतरी के लिए अतिरिक्त धनराशि आवंटित होने की उम्मीद है. इसके अलावा आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ताओं, रसोइयों और ग्राम चौकीदारों के मानदेय में बढ़ोतरी के लिए भी पैसा रखा जा सकता है.
कितना अलग होगा इस बार का अनुपूरक बजट?
वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश सरकार ने 8.08 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट पेश किया था, जबकि अनुपूरक बजट का आकार 24,496 करोड़ रुपये था. इसके बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने 11 फरवरी को 9.12 लाख करोड़ रुपये का मूल बजट पेश किया. यह बजट 'सुरक्षित नारी, सक्षम युवा, खुशहाल किसान' थीम पर केंद्रित था. अब पहले अनुपूरक बजट के जरिए सरकार इसी थीम को आगे बढ़ाने की कोशिश करती नजर आ सकती है. विधानसभा चुनाव से पहले आने वाले इस बजट में सरकार के कई बड़े फैसलों पर सबकी नजर रहेगी.
ADVERTISEMENT











