उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 9 IPS अधिकारियों के तबादले कर दिए. नई ट्रांसफर लिस्ट में संभल SP कृष्ण कुमार बिश्नोई का भी नाम है. आपको बता दें कि IPS केके बिश्नोई को अब बिजनौर जिले का नया चार्ज मिला है. यानी वह अब संभल की जगह बिजनौर के नए पुलिस अधीक्षक होंगे. केके बिश्नोई की जगह संभल में अब विकास चंद्र त्रिपाठी नए एसपी होंगे. मालूम हो कि अपने कार्यकाल के दौरान केके बिश्नोई को 'संभल का सिंघम' भी कहा जाने लगा था.
ADVERTISEMENT
संभल एसपी बनने के दो माह बाद ही भड़की थी हिंसा
गौरतलब है कि केके बिश्नोई को 11 सितंबर 2024 को संभल जिले के पुलिस कप्तान की जिम्मेदारी मिली थी. हालांकि, संभल एसपी बनने के करीब दो महीने बाद ही नवंबर 2024 में शाही जामा मस्जिद सर्वे के दौरान अचानक हिंसा भड़क उठी थी. इस स्थिति में एसपी केके बिश्नोई ने खुद आगे बढ़कर पुलिस टीम का नेतृत्व किया और अपनी रणनीति से हिंसा पर सफलतापूर्वक काबू पाया था.
कौन हैं आईपीएस केके बिश्नोई?
केके बिश्नोई उत्तर प्रदेश कैडर के 2018 बैच के सख्त और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी हैं. वे मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद फ्रांस से उच्च शिक्षा हासिल की. इसके बाद उन्हें संयुक्त राष्ट्र (UN) में भी नौकरी का अवसर मिला, लेकिन उन्होंने विदेश की नौकरी छोड़कर देश सेवा का रास्ता चुना. यूपी कैडर मिलने के बाद उन्होंने गोरखपुर सिटी एसपी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं. मार्च 2026 में उनकी शादी 2018 बैच की ही चर्चित महिला आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा के साथ हुई है.
विकास चंद्र त्रिपाठी बने संभल के नए एसपी
यूपी सरकार ने केके बिश्नोई के बिजनौर तबादले के बाद विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल जिले का नया एसपी नियुक्त किया है. 4 नवंबर 1975 को जन्मे विकास चंद्र त्रिपाठी मूल रूप से गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं. वे यूपी पुलिस सेवा में पीपीएस (PPS) अधिकारी के रूप में तैनात थे और हाल ही में बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर कार्यरत थे. पिछले दिनों उन्हें पीपीएस से आईपीएस पद पर प्रोन्नत किया गया था, जिसके बाद अब उन्हें संभल जिले के पुलिस कप्तान की कमान सौंपी गई है.
ये भी पढ़ें: यूपी में देर रात 7 IPS अफसरों का ट्रांसफर, कई जिलों के SSP/SP बदले, किसे मिली नई जिम्मेदारीभी
ADVERTISEMENT











