UP Train News: अगर आप बिहार से दिल्ली या दिल्ली से बिहार आने-जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ला देगी. भारतीय रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए बिहार के अलग-अलग शहरों से दिल्ली और आनंद विहार के बीच चलने वाली कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का ऐलान किया है.
ADVERTISEMENT
उत्तर रेलवे के इस फैसले से बरौनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, दानापुर और सहरसा जैसे रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में अब काफी आसानी होगी. ये सभी ट्रेनें अपने पुराने समय, स्टॉपेज और रूट के हिसाब से ही चलेंगी. इससे यूपी यात्रियों को भी काफी सहूलियत मिलेगी.
ये हैं वो स्पेशल ट्रेनें जिनकी बढ़ाई गई अवधि
रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, दिल्ली और बिहार के विभिन्न स्टेशनों के बीच चलने वाली इन प्रमुख ट्रेनों की अवधि बढ़ा दी गई है-
- बरौनी - नई दिल्ली - बरौनी डेली स्पेशल (02563/02564): बरौनी से यह ट्रेन अब 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक और नई दिल्ली से 17 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक रोजाना चलेगी.
- दरभंगा - नई दिल्ली - दरभंगा डेली स्पेशल (02569/02570): दरभंगा से यह ट्रेन 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक और नई दिल्ली से 17 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक चक्कर लगाएगी.
- दानापुर - आनंद विहार - दानापुर स्पेशल (03257/03258): दानापुर से हर रविवार को चलने वाली यह ट्रेन अब 19 से 26 जुलाई तक और आनंद विहार से हर सोमवार को 20 से 27 जुलाई 2026 तक चलेगी.
- मुजफ्फरपुर - आनंद विहार - मुजफ्फरपुर स्पेशल (05219/05220): मुजफ्फरपुर से हर शुक्रवार को यह ट्रेन 17 से 31 जुलाई तक और आनंद विहार से हर शनिवार को 18 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक सेवा देगी.
- धनबाद - शकूरबस्ती - धनबाद स्पेशल (03639/03640): धनबाद से सोमवार और शुक्रवार को यह ट्रेन 17 से 31 जुलाई तक, जबकि शकूरबस्ती से मंगलवार और शनिवार को 18 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक चलेगी.
- इसके अलावा शेखपुरा-आनंद विहार (02397/02398 और 03697/03698), पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार (05579/05580) और सहरसा-आनंद विहार (05575/05576) एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी जुलाई और अगस्त के शुरुआती दिनों तक के लिए बढ़ा दिए गए हैं.
यूपी के इन शहरों के यात्रियों की हो गई मौज
भले ही ये ट्रेनें दिल्ली और बिहार के बीच चल रही हैं, लेकिन इनका रूट उत्तर प्रदेश के कई बड़े जिलों और कस्बों से होकर गुजरता है. ऐसे में यूपी के इन क्षेत्र के लोगों को कंफर्म टिकट मिलना आसान हो जाएगा.
- बरौनी और दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेनें (02563/02564 और 02569/02570) देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, ऐशबाग (लखनऊ) होकर गुजरती हैं. इससे लखनऊ, गोरखपुर और आसपास के जिलों के नौकरीपेशा लोगों को दिल्ली आने-जाने में भारी राहत मिलेगी.
- मुजफ्फरपुर, सहरसा और पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार जाने वाली ट्रेनें (05219/05220, 05575/05576, 05579/05580) यूपी के गोंडा, सीतापुर, बरेली और मुरादाबाद के रास्ते चलती हैं. बरेली और मुरादाबाद के लोगों के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं है.
- दानापुर, शेखपुरा और धनबाद से आने वाली स्पेशल ट्रेनें (03257/03258, 02397/02398, 03639/03640) यूपी के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय), प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल पर रुकती हैं. प्रयागराज में पढ़ाई करने वाले छात्रों और कानपुर के व्यापारियों के लिए यह बहुत बड़ी सुविधा है.
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
अक्सर देखा जाता है कि दिल्ली-बिहार रूट पर ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं मिलती. ऐसे में यूपी जाने वाले यात्रियों को भी भारी समस्या का सामना करना पड़ता है. रेलवे का यह फैसला उन प्रवासियों और परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो टिकट न मिलने की वजह से परेशान थे. अगर आप भी यात्रा की सोच रहे हैं, तो तुरंत आईआरसीटीसी की वेबसाइट या काउंटर पर जाकर अपना टिकट चेक कर लें, क्योंकि इन ट्रेनों में बुकिंग अब नए फेरों के साथ उपलब्ध होगी.
ADVERTISEMENT











