प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सहारनपुर पहुंचकर बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहारनपुर दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को विकास का एक ऐतिहासिक क्षण बताया है.
ADVERTISEMENT
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट करते हुए सीएम योगी ने कहा, "आज सहारनपुर की धरती विकास, विश्वास और कनेक्टिविटी के एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है. प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी आज 12000 करोड़ रुपये की लागत से बने दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड को जोड़ने वाले 'दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर' को राष्ट्र को समर्पित करेंगे." मुख्यमंत्री ने इस हाईवे को केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि 'नये भारत' की नई गति, नई कनेक्टिविटी और नई संभावनाओं का सेतु (पुल) बताया.
उन्होंने कहा, "दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच यह नया मार्ग यात्रा के समय को कम करेगा, औद्योगिक गतिविधियों को गति देगा और पर्यटन के नए आयाम स्थापित करेगा."
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय घटकर आधे से भी कम रह जाएगा. वह सहारनपुर में हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे के ऊंचे हिस्से (एलिवेटेड सेक्शन) पर बने वन्यजीव गलियारे (वाइल्डलाइफ पैसेज) का भी जायजा लेंगे. 213 किलोमीटर लंबा यह छह-लेन का एक्सेस-कंट्रोल कॉरिडोर 12000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों से होकर गुजरता है. दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा के समय को वर्तमान में छह घंटे से घटाकर लगभग ढाई घंटे कर देगा. पीएम मोदी सबसे पहले देहरादून के पास मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, जिसे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बयान में कहा गया है कि इसके बाद वह देहरादून में एक सार्वजनिक समारोह में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
ADVERTISEMENT









