UP News: कल यानी 13 अप्रैल के दिन नोएडा में प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले श्रमिकों ने वेतन में इजाफे और कामकाजी माहौल को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किए. ये प्रदर्शन उग्र भी हो गए और जमकर तोड़फोड़-आगजनी की घटनाएं दर्ज की गईं. श्रमिकों के इस प्रदर्शन ने सभी को हिला कर रख दिया. अब इसी को लेकर जहां पुलिस एक्शन में हैं तो वहीं यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार श्रमिकों के लिए बड़े कदम उठा रही है.
ADVERTISEMENT
इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों से अपील की है और इसको लेकर संबंधित विभाग-अधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियोक्ताओं से अपील की है कि वे श्रमिकों को नियमानुसार वेतन, ओवर टाइम भुगतान, साप्ताहिक अवकाश और बोनस सुनिश्चित करें. इसी के साथ सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि कार्य स्थल पर महिला श्रमिकों की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी जाए.
जानें अब कितनी हुई न्यूनतम वेतन दरें
उत्तर प्रदेश में हाल ही में अधिसूचित दरें इस प्रकार हैं
अकुशल श्रमिक: ₹11,313.65 प्रति माह (दैनिक: ₹435.14)
अर्ध कुशल श्रमिक: ₹12,446 प्रति माह (दैनिक: ₹478.69)
कुशल श्रमिक: ₹13,940.37 प्रति माह (दैनिक: ₹536.16)
सरकार अगले महीने एक वेज बोर्ड का गठन करने जा रही है. इसकी अनुशंसाओं के आधार पर ही सरकार भविष्य में न्यूनतम वेतन को लेकर फैसला करेगी.
अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
इसी के साथ मुख्यमंत्री योगी ने अराजक और बाहरी तत्वों द्वारा की जा रही गैर-कानूनी गतिविधियों की निंदा की है. प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. सरकार ने दोहराया कि वह औद्योगिक विकास और श्रमिक कल्याण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है.
ADVERTISEMENT









