अमरोहा जिले के कैलसा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ही तारीख पर दो अलग-अलग दूल्हे बारात लेकर निकाह के लिए पहुंच गए. मुरादाबाद और संभल के बारातियों के बीच हुए इस विवाद ने देखते ही देखते गंभीर रूप ले लिया, जिसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी.
ADVERTISEMENT
मंगनी टूटने के बाद भी बारात लेकर पहुंचा पहला दूल्हा
पूरा मामला मुरादाबाद और संभल के दो दूल्हों के बीच का था. जानकारी के मुताबिक दुल्हन की मंगनी पहले मुरादाबाद निवासी एक युवक से हुई थी, लेकिन अनबन के चलते परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया था. इसके बाद दुल्हन पक्ष ने संभल के एक युवक से उसी तारीख का निकाह तय कर लिया.चूंकि पुरानी तारीख के कार्ड बंट चुके थे, इसलिए मुरादाबाद वाला दूल्हा अपना हक जताते हुए गाजे-बाजे के साथ बैंक्वेट हॉल पहुंच गया, जबकि वहां संभल की बारात पहले से मौजूद थी.
एक ही समय पर दो दूल्हों को देखकर माहौल तनावपूर्ण हो गया. दोनों पक्षों में तीखी कहासुनी शुरू हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. तीनों पक्षों को शांत कराया गया. आखिरकार दुल्हन की रजामंदी को प्राथमिकता दी गई. दुल्हन ने संभल के दूल्हे को चुना, जिसके बाद सादगी से निकाह की रस्में पूरी कराई गईं.
बिना दुल्हन लौटी मुरादाबाद की बारात, ऐसे हुआ समझौता
मुरादाबाद से आए दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बैंक्वेट हॉल से वापस लौटना पड़ा. गनीमत रही कि इस बड़े ड्रामे के बाद किसी भी पक्ष ने कानूनी कार्रवाई नहीं की. तीनों पक्षों ने आपसी बातचीत और पुलिस की मध्यस्थता से समझौता कर लिया. फिलहाल पूरे अमरोहा में इस 'अनोखी शादी' की चर्चा है, जिसे लोग किसी फिल्मी सीन से कम नहीं मान रहे हैं.
ADVERTISEMENT









