UP News: बाराबंकी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां माफिया मुख्तार अंसारी के शूटर रहे मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है. शहर कोतवाली क्षेत्र के असैनी मोड़ पर बाइक सवार हमलावरों ने बॉबी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उसे करीब 10 गोलियां मारी गईं.
ADVERTISEMENT
लखनऊ से लौटते समय हुआ था ये हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी अपनी बलेनो कार से लखनऊ से बाराबंकी वापस लौट रहा था. जैसे ही वह असैनी मोड़ के पास पहुंचा, बाइक सवार शूटरों ने उसे निशाना बनाया और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए. बॉबी मौजूदा समय में बाराबंकी में वकालत कर रहा था.
112 पर मिली सूचना, एसटीएफ हुई रवाना
घटना की जानकारी दोपहर 1:22 बजे यूपी 112 को मोहम्मद हलीम नामक शख्स ने फोन पर दी. सूचना मिलते ही महज 6 मिनट के भीतर यानी 1:28 बजे पुलिस की PRV गाड़ी घटनास्थल पर पहुंच गई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाराबंकी पुलिस के साथ-साथ यूपी एसटीएफ की टीम को भी मौके के लिए रवाना कर दिया गया है.
जेलर आरके तिवारी हत्याकांड से जुड़ा था नाम
मोहम्मद शोएब उर्फ बॉबी का आपराधिक इतिहास रहा है. साल 1998 में लखनऊ के जेलर आरके तिवारी की सनसनीखेज हत्या के मामले में बॉबी का नाम सामने आया था. हालांकि, बाद में हुए ट्रायल के दौरान उसे इस मामले में बरी कर दिया गया था. उसे मुख्तार अंसारी के पुराने और खासमखास शूटरों में गिना जाता था. पुलिस फिलहाल घटनास्थल की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में जुट गई है और साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT









