Mathura Peda Recipe: मथुरा के पेड़ों का असली स्वाद अब घर पर, जानिए हलवाई स्टाइल बनाने की आसान रेसिपी

Mathura Peda Recipe: मथुरा के मशहूर पेड़े अपने खास भुने हुए मावे के स्वाद के लिए जाने जाते हैं. इस रेसिपी की मदद से आप घर पर आसानी से असली मथुरा स्टाइल पेड़े बना सकते हैं, जिनका स्वाद बिल्कुल बाजार जैसे पेड़ों की तरह होगा.

यूपी तक

14 Mar 2026 (अपडेटेड: 14 Mar 2026, 05:33 PM)

follow google news

Mathura Peda Recipe: यूपी Tak की खास सीरीज One District, One Cuisine में एक बार फिर आपका स्वागत है. इस सीरीज के जरिए हम आपको उत्तर प्रदेश के हर जिले के उस खास स्वाद से रूबरू कराते हैं, जो वहां की पहचान बन चुका है. इसी कड़ी में हम आज आपको मथुरा के मशहूर पेड़े के बारे में बताएंगे. भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा सिर्फ धार्मिक महत्व के लिए ही नहीं, बल्कि अपने खास स्वादिष्ट पेड़ों के लिए भी दुनिया भर में प्रसिद्ध है. घी और मावे से बनने वाली यह देसी मिठाई का स्वाद इतना खास होता है कि एक बार खाने के बाद लोग इसे भूल नहीं पाते. अगर आप भी इस मशहूर मिठाई का असली स्वाद घर पर लेना चाहते हैं तो आइए जानते हैं मथुरा स्टाइल पेड़ा बनाने की ऑथेंटिक रेसिपी.

यह भी पढ़ें...

पेड़े बनाने के लिए जरूरी सामग्री

घर पर असली मथुरा स्टाइल पेड़े बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी:

मावा (खोया): 500 ग्राम (दानेदार खोया बेहतर रहता है)

देसी घी: 2 से 3 बड़े चम्मच

पिसी चीनी या बूरा: 200 से 250 ग्राम

इलायची पाउडर: ½ छोटा चम्मच

केसर (वैकल्पिक): 8–10 धागे

पिस्ता या बादाम: सजाने के लिए

जानिए पेड़े बनाने का तरीका 

स्टेप 1: मावा भूनना

सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें. इसमें थोड़ा सा देसी घी डालें और फिर मावा (खोया) डालकर लगातार चलाते हुए भूनना शुरू करें. मथुरा के असली पेड़ों की पहचान उनका हल्का भूरा (कैरेमल जैसा) रंग होता है, इसलिए मावा को धीरे-धीरे तब तक भूनें जब तक उसका रंग हल्का भूरा न हो जाए और खुशबू न आने लगे.

स्टेप 2: मावा ठंडा करना

जब मावा अच्छी तरह भुन जाए तो गैस बंद कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि मावा पूरी तरह गर्म न हो, क्योंकि गर्म मावा में चीनी डालने से उसका टेक्सचर खराब हो सकता है.

स्टेप 3: चीनी और इलायची मिलाना

अब हल्का ठंडा हुए मावे में पिसी चीनी या बूरा डालें. साथ ही इसमें इलायची पाउडर और अगर चाहें तो केसर भी मिला सकते हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं ताकि मिठास और खुशबू पूरे मिश्रण में बराबर फैल जाए.

स्टेप 4: पेड़ों का आकार देना

अब इस मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर हाथों से गोल आकार दें और हल्का-सा दबाकर पेड़े का पारंपरिक आकार बना लें. चाहें तो ऊपर से पिस्ता या बादाम के टुकड़ों से सजावट कर सकते हैं.

स्टेप 5: हल्का सेट होने दें

तैयार पेड़ों को कुछ देर के लिए खुली हवा में रखें ताकि उनका आकार थोड़ा सेट हो जाए. इसके बाद आपके घर पर बने मथुरा स्टाइल पेड़े परोसने के लिए तैयार हैं.

क्यों खास होते हैं मथुरा के पेड़े?

मथुरा के पेड़ों की सबसे बड़ी खासियत उनका गहरा भुना हुआ स्वाद और दानेदार टेक्सचर होता है. इन्हें धीमी आंच पर लंबे समय तक मावा भूनकर तैयार किया जाता है, जिससे इनमें एक अलग तरह की खुशबू और स्वाद आ जाता है. मथुरा में यह मिठाई खासतौर पर मंदिरों में प्रसाद के रूप में भी चढ़ाई जाती है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु इसे बड़े शौक से खरीदते हैं. यही वजह है कि मथुरा के पेड़े उत्तर प्रदेश की सबसे प्रसिद्ध पारंपरिक मिठाइयों में गिने जाते हैं.

यह भी पढ़ें: इटावा के मशहूर मट्ठे के आलू का स्वाद चख लिया तो भूल जाएंगे बाकी सब्जियां, जानिए घर पर बनाने की आसान रेसिपी