सहारनपुर में पारिवारिक विवाद बना जानलेवा: भाई और भतीजे ने लोहे की रॉड से वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

Saharanpur Family Dispute: सहारनपुर के गंगोह में खूनी संघर्ष. सगे भाई और भतीजे ने लोहे की रॉड से हमला कर मीनू की हत्या की. झगड़े के बीच बचाव करने पहुंचे भाई-भतीजे बने कातिल. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपियों की तलाश जारी.

यूपी तक

19 Mar 2026 (अपडेटेड: 19 Mar 2026, 01:18 PM)

follow google news

Saharanpur Crime News: गंगोह क्षेत्र के गांव बिसनौट में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. यहां सगे भाई ने अपने ही पुत्र के साथ मिलकर अपने भाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी पिता-पुत्र मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामा के पांच पुत्र और एक पुत्री हैं. इनमें से तीन बेटे यमुनानगर में मजदूरी करते हैं, जबकि मीनू और सुभाष गांव में ही रहते थे. बुधवार देर रात करीब 12 बजे मीनू अपने बेटे को किसी बात पर डांट रहा था. इसी दौरान उसका भाई सुभाष और भतीजा दीपांशु बीच-बचाव करने पहुंच गए. बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई. 

लोहे की रॉड से सिर पर कई वार, मौके पर मौत 

आरोप है कि गुस्से में सुभाष और उसके बेटे दीपांशु ने पास में पड़ी लोहे की रॉड उठाकर मीनू के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से मीनू की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए.

मृतक नशे का था आदी, इसलिए छोड़ गई थी पत्नी

मृतक के भाई सतीश ने कोतवाली में तहरीर देकर सुभाष और दीपांशु के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. ग्रामीणों के अनुसार, मृतक मीनू नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था. इसी कारण उसकी पत्नी कई साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी. उसके दो छोटे बच्चे हैं. परिवार के पास करीब 15 बीघा कृषि भूमि है, जिसे ठेके पर देकर परिवार अपना गुजारा करता है.

टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. क्षेत्राधिकारी गंगोह अशोक सिसोदिया बताया रात्रि थाना गंगोह के ग्राम बिशनोट में सुभाष व उसके पुत्र दीपांशु का सुभाष के भाई मीनू से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था, जिसमें इनके द्वारा उसके साथ मारपीट की गई व सिर में आई चोट के कारण मीनू की मौके पर ही मृत्यु हो गई. मृतक मीनू के भाई सतीश के द्वारा थाना गंगोह पर सुभाष व दीपांशु के विरुद्ध हत्या का अभियोग पंजीकृत करा दिया गया है. दोनों अभियुक्तगण की गिरफ़्तारी हेतु दो टीमें गठित की गई हैं.