UP Weather Update:उत्तर प्रदेश के आसमान पर आज बादलों का पहरा है और कई जिलों में कुदरत का डबल अटैक होने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 19 मार्च को प्रदेश के पश्चिमी और मध्य इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं कुछ इलाके में ओलावृष्टि की भी प्रबल संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से चल रही तेज हवाओं ने गर्मी से राहत तो दी है. लेकिन किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं. विभाग ने ओलों के साथ-साथ गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में ओलों का कहर
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ खास जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी है. ओले गिरने से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को भारी नुकसान पहुंच सकता है. सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाले संभावित जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, आगरा, फिरोजाबाद और बिजनौर शामिल है.
यहां होगी झमाझम बारिश
बादलों की आवाजाही के बीच यूपी के एक बड़े हिस्से में तेज बारिश का अनुमान है. जिन इलाकों में धूल भरी आंधी और बिजली कड़कने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं उनमें मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), हापुड़, बागपत, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस, कासगंज, एटा, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं शामिल है.
वज्रपात से बचाव की अपील
मौसम विभाग ने बिजली गिरने (वज्रपात) की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों या बिजली के खंभों के पास बिल्कुल न खड़े हों. सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेना ही सबसे बेहतर विकल्प है.
ADVERTISEMENT









