UP 9 years Development: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में विकास और समृद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने पर “नव निर्माण के 9 वर्ष” पुस्तक का विमोचन किया. इस दौरान उन्होंन कहा कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने जो ऊंचाइयां छुई हैं, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, कार्यकर्ताओं के परिश्रम और 25 करोड़ जनता के विश्वास का परिणाम है.
ADVERTISEMENT
2017 से पहले की स्थिति: 'पहचान का संकट'
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में अतीत को याद करते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश जैसी उर्वर भूमि और असीम संभावनाओं वाला राज्य 'पहचान के संकट' से जूझ रहा था. प्रदेश का कारीगर और युवा रोजगार न मिलने के कारण पलायन करने को विवश था. कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी थी कि बेटियां और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस करते थे. सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार और वसूली का बोलबाला था, जिससे युवाओं में निराशा थी.
9 वर्षों में बदला यूपी का स्वरूप
सीएम योगी ने गर्व से कहा कि आज यूपी की तस्वीर बदल चुकी है. पिछले 9 वर्षों में 'डबल इंजन' की सरकार ने सुरक्षा, सुशासन और विकास का एक नया मॉडल दुनिया के सामने रखा है. कानून का राज स्थापित कर अपराधियों में भय और नागरिकों में विश्वास पैदा किया गया. एक्सप्रेसवे और औद्योगिक गलियारों के जाल ने यूपी को निवेश का हब बना दिया है. दलितों, वंचितों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी लाभ सीधे पहुंच रहा है. प्रदेश की आस्था और परंपराओं को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई गई है.
9 साल, 9 विषय और 9 लाख करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं और आंकड़े भी साझा किए. सीएम ने कहा कि '9' पूर्णता का प्रतीक है. इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इस वर्ष 9 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का ऐतिहासिक बजट पेश किया है, जो यूपी के संतुलित विकास को गति देगा. बसंत नवरात्रि से 9 विषयों पर आधारित एक विशेष 9 दिवसीय अभियान शुरू होगा. इसके माध्यम से सरकार जनता के साथ संवाद कर 9 वर्षों की उपलब्धियां साझा करेगी और भविष्य का विजन तैयार करेगी.
योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि यह 9 वर्ष केवल एक पड़ाव हैं, मंजिल अभी और आगे है. उन्होंने कहा कि संवाद के माध्यम से न केवल बीते वर्षों की सफलता को जनता के बीच ले जाया जाएगा, बल्कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश को देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सड़क के बीचो-बीच हैंडपंप देख लोगों का चकराया सिर, मीरजापुर में PWD के ब्लंडर की ऐसे खुली पोल
ADVERTISEMENT









