उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते शनिवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हुई असमय बारिश के कारण किसानों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी जिलाधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि आपदा की स्थिति में किसानों पर इसका न्यूनतम असर होना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ADVERTISEMENT
24 घंटे में राहत राशि वितरण के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि बारिश के कारण हुई किसी भी प्रकार की जनहानि, पशुहानि या घायलों को 24 घंटे के भीतर निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने राजस्व और कृषि विभाग को बीमा कंपनियों के साथ मिलकर फसल नुकसान का तत्काल संयुक्त सर्वे करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसानों को राहत राशि समय से मिल सके.
अधिकारी रहें अलर्ट मोड पर
सीएम योगी ने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को फील्ड में तैनात अधिकारियों से सीधा संपर्क और समन्वय बनाए रखने को कहा है. उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं फील्ड में रहकर वस्तुस्थिति का जायजा लें और फसलों के नुकसान का वास्तविक आकलन सुनिश्चित करें.
बीमित किसान 72 घंटे में करें संपर्क
शासन की ओर से किसानों को भी जागरूक रहने की सलाह दी गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसल कटकर खलिहान में रखी है, वह भी 14 दिनों तक बीमा के दायरे में कवर रहती है. ऐसे किसान फसल क्षति के 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि उन्हें समय पर सहायता मिल सके.
ADVERTISEMENT









