Jyoti Maurya ADM Ghaziabad: एडीएम ज्योति मौर्य और उनके पति आलोक मौर्य का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. हाल ही में आलोक मौर्य ने मीडिया में बयान देकर दावा किया कि उनके और ज्योति के बीच अब सब कुछ ठीक हो गया है और वे एक साथ रह रहे हैं. इस दावे की हकीकत जानने के लिए यूपी Tak की टीम गाजियाबाद के जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची.ज्योति मौर्य वर्तमान में अपर जिलाधिकारी (ADM) के पद पर तैनात हैं.
ADVERTISEMENT
कैमरे पर चुप्पी लेकिन चर्चाएं गर्म
यूपी Tak की टीम ने गाजियाबाद कलेक्ट्रेट में एडीएम ज्योति मौर्य से मुलाकात की. इस दौरान जब उनसे आलोक मौर्य के सुलह वाले बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया. हालांकि ऑफ कैमरा बातचीत में उन्होंने संकेत दिया कि वह इस प्राइवेट मामले को अब और तूल नहीं देना चाहतीं. उन्होंने कहा कि मीडिया में पहले ही बहुत कुछ चल रहा है. इसलिए वह फिलहाल अपना पक्ष सार्वजनिक नहीं करेंगी.
ज्योति और आलोक मौर्य के विवाद की पूरी कहानी
ज्योति और आलोक मौर्य का यह मामला साल 2022-23 में तब नेशनल हेडलाइन बना था जब बेवफाई और धोखे के गंभीर आरोप लगे थे. साल 2010 में वाराणसी की ज्योति की शादी आलोक से हुई. आलोक का दावा है कि उन्होंने कर्ज लेकर और अपनी छोटी सी नौकरी (सफाई कर्मचारी) के बावजूद ज्योति को पढ़ाया. साल 2015 में ज्योति ने यूपीपीसीएस में 16वीं रैंक हासिल की और एसडीएम बनीं. साल 2020 के बाद दोनों के रिश्तों में खटास आई. आलोक ने ज्योति पर किसी तीसरे व्यक्ति के साथ रिश्ते में होने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. वहीं ज्योति ने आलोक पर अपनी नौकरी को लेकर झूठ बोलने (सफाई कर्मचारी की जगह अधिकारी बताना) का आरोप लगाया.
कोर्ट की लंबी लड़ाई
मामला प्रयागराज की फैमिली कोर्ट पहुंचा जहां 2023 से 2025 तक तारीखें पड़ती रहीं. इसी बीच ज्योति ने तलाक की अर्जी भी दाखिल की थी. अब 2026 में अचानक आलोक मौर्य का यह कहना कि 'हम दोनों के बीच सुलह हो गई है और हम एक साथ रह रहे हैं'.लोगों के लिए चौंकाने वाला है. सोशल मीडिया पर फिर से वही दौर लौट आया है जब लोग ज्योति मौर्य को लेकर तरह-तरह की मीम्स और टिप्पणियां कर रहे हैं. हालांकि ज्योति मौर्य की चुप्पी और आलोक का दावा एक-दूसरे के विपरीत दिख रहे हैं. क्या वाकई यह विवाद खत्म हो गया है या यह किसी बड़ी कानूनी रणनीति का हिस्सा है यह आने वाले दिनों में साफ होगा. फिलहाल ज्योति मौर्य अपने प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त हैं और निजी सवालों से दूरी बनाए हुए हैं.
ADVERTISEMENT









