दिल्ली-मेरठ के बाद अब यूपी के इस रूट पर चलेगी रैपिड रेल, 6 जिलों के लिए आउटर रिंग रोड; सीएम योगी ने की घोषणा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव में 570 करोड़ रुपये से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल कॉरिडोर और पूरे स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) को जोड़ने वाली आउटर रिंग रोड की बड़ी घोषणा की.

UP Tak

यूपी तक

• 04:58 PM • 18 Jun 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उन्नाव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य के विकास को लेकर कई बड़े एलान किए. सीएम योगी ने बताया कि लखनऊ और कानपुर के बीच उन्नाव होते हुए एक रैपिड रेल कॉरिडोर बनाने की योजना है. इसके साथ ही, पूरे स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) को जोड़ने के लिए एक भव्य आउटर रिंग रोड भी तैयार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

घोषणा मुख्यमंत्री ने उन्नाव में ₹570 करोड़ से अधिक की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलांयास के बाद की.

लखनऊ का विकास अब सिर्फ हजरतगंज तक सीमित नहीं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव जिले को लखनऊ स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल कर लिया गया है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले लखनऊ का विकास सिर्फ हजरतगंज जैसे कुछ इलाकों तक ही सीमित रहता था, लेकिन अब लखनऊ का विकास उन्नाव तक पहुंचेगा और वहां से आगे बढ़ते हुए कानपुर की तरफ जाएगा.

इस कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए उन्नाव और कानपुर के बीच गंगा नदी पर दो और नए पुलों के निर्माण के प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दी जा चुकी है.

दिल्ली-मेरठ की तर्ज पर लखनऊ-कानपुर रैपिड रेल

दिल्ली से मेरठ के बीच चल रही नमो भारत (रैपिड रेल) सेवा का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ठीक उसी तर्ज पर लखनऊ से उन्नाव होते हुए कानपुर तक रैपिड रेल चलाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है.

इसके अलावा, क्षेत्र के चारों तरफ बनने वाला आउटर रिंग रोड लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी और रायबरेली को आपस में जोड़ेगा. इससे यह पूरा इलाका एक बड़े डेवलपमेंट क्लस्टर के रूप में उभरेगा, जिससे सभी क्षेत्रों का बराबर विकास होगा.

युवाओं के लिए रोजगार और उद्योगों की सौगात

उन्नाव में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और एक अन्य औद्योगिक क्लस्टर के लिए करीब 700 एकड़ जमीन तैयार की जा चुकी है, जहां नए उद्योग लगेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

अगले 100 साल की प्लानिंग

सरकार आने वाले 100 सालों को ध्यान में रखकर विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उन्नाव को जोड़ता है और ये सड़क निर्माण के वैश्विक स्तर को दर्शाता है. आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट्स के मामले में देश का अग्रणी राज्य बन चुका है, जिसमें हाल ही में शुरू हुआ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी शामिल है.

'25 करोड़ जनता ही मेरा परिवार है'

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ नेता सिर्फ अपने खास क्षेत्र को ही पूरा राज्य मान लेते थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे देश को अपना परिवार मानते हैं.

कहा, "उत्तर प्रदेश मेरा घर है और राज्य के 25 करोड़ लोग मेरा परिवार हैं. उनकी भलाई और समृद्धि के लिए काम करना ही हमारा मिशन है." मुख्यमंत्री ने उन्नाव की जनता को भरोसा दिलाया कि जिले में विकास कार्य बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे और फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी.