ट्विशा की संदिग्ध मौत मामले में हो गया बड़ा एक्शन, CBI ने रिटायर्ड जज सास गिरिबाला को किया गिरफ्तार

CBI arrested Twisha mother in law: नोएडा की ट्विशा मौत मामले में CBI ने बड़ा एक्शन लेते हुए रिटायर्ड जज सास गिरीबाला को गिरफ्तार किया है. FIR में दहेज प्रताड़ना, गर्भपात का दबाव और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं. मामले में दहेज हत्या समेत कई धाराओं में जांच तेज हो गई है.

CBI arrested Twisha mother in law

यूपी तक

• 06:16 PM • 28 May 2026

follow google news

CBI arrested Twisha mother in law: नोएडा की रहने वाली ट्विशा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. इस चर्चित मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्विशा की रिटायर्ड जज सास गिरीबाला को गिरफ्तार कर लिया है. भोपाल पुलिस की मूल FIR जो अब पूरी तरह सीबीआई की जांच और एफआईआर का हिस्सा बन चुकी है उसमें ट्विशा की मौत को लेकर बेहद हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं. एफआईआर के मुताबिक, शादी के दौरान समर्थ की मां गिरीबाला की मांग पर करीब 2 लाख रुपये दहेज के तौर पर दिए गए थे. एफआईआर में यह भी आरोप है कि फरवरी से ट्विशा के ससुराल वालों ने दहेज को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया था. उसे बार-बार कहा जाता था कि उसकी शादी में उसके परिवार ने उनकी हैसियत के मुताबिक खर्च नहीं किया. फिलहाल इस मामले में पुलिस और सीबीआई ने  नई धाराओं के तहत दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश तेज कर दी है.

यह भी पढ़ें...

हैसियत के ताने और खर्चे के पैसे तक को तरसी ट्विशा

सीबीआई की एफआईआर के मुताबिक, नोएडा की रहने वाली ट्विशा की शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी. शादी के दौरान समर्थ की मां गिरीबाला की मांग पर करीब 2 लाख रुपये नकद दहेज के तौर पर दिए गए थे. लेकिन शादी के महज दो महीने बाद यानी फरवरी 2026 से ही ट्विशा के ससुराल वालों ने असली रंग दिखाना शुरू कर दिया. ट्विशा को हर दिन कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे. ससुराल वाले बार-बार कहते थे कि उसके परिवार ने उनकी हैसियत और रुतबे के मुताबिक शादी में खर्च नहीं किया है. ट्विशा के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को दैनिक खर्चों के लिए पैसे तक नहीं दिए जाते थे जिसके कारण वे खुद अपनी बेटी को ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किया करते थे.

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि अप्रैल 2026 में ट्विशा प्रेग्नेंट हुई थी. जैसे ही यह बात ससुराल वालों को पता चली उसके पति समर्थ और सास गिरीबाला ने उस पर गर्भपात कराने का मानसिक और शारीरिक दबाव बनाना शुरू कर दिया. इस भारी दबाव के आगे झुककर मई के पहले हफ्ते में ट्विशा को अपना गर्भपात कराना पड़ा. ट्विशा के पिता ने बताया कि इससे पहले 22 अप्रैल को समर्थ ने ट्विशा, उसकी मां और पूरे परिवार के सामने हाथ जोड़कर भरोसा दिलाया था कि वह आगे से उनकी बेटी के साथ कभी मारपीट और गाली-गलौज नहीं करेगा.लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.

सास ने फोन पर दी थी ट्विशा की मौत की खबर

ट्विशा के परिवार ने 12 मई की उस खौफनाक रात की दास्तां बयां करते हुए बताया कि रात करीब 9.41 बजे ट्विशा ने अपनी मां से व्हाट्सऐप पर बात की थी. बातचीत के दौरान फोन के पीछे से पति समर्थ के बेहद जोर-जोर से चिल्लाने और लड़ने की आवाजें आ रही थीं और अचानक फोन कट गया. इसके बाद घबराए परिजन करीब 20 मिनट तक लगातार ट्विशा, दामाद समर्थ और सास गिरीबाला के नंबरों पर फोन मिलाते रहे लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया. आरोप है कि इसके बाद रात करीब 10.35 बजे ट्विशा की सास गिरीबाला ने ट्विशा की भाभी राशि को फोन कर बताया कि 'वो अब नहीं रही.'

इन सख्त धाराओं के तहत दर्ज हुआ मुकदमा

इस पूरे मामले में कानून के नए प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों के खिलाफ दहेज मौत, पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के प्रति क्रूरता और साझा आपराधिक जिम्मेदारी (कॉमन इंटेंशन) के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके साथ ही दहेज निषेध अधिनियम की संबंधित सख्त धाराएं भी जोड़ी गई हैं. सीबीआई अब सास गिरीबाला को रिमांड पर लेकर पति समर्थ और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.