Laung Lata Recipe: घर पर बनाएं बरेली का फेमस हलवाई-स्टाइल कुरकुरा लोंग लता, जानें आसान देसी तरीका!

Bareilly Laung Lata Recipe: बरेली का फेमस लोंग लता एक पारंपरिक मिठाई है जिसे मैदा, खोया, सूजी और ड्राई फ्रूट्स की स्टफिंग से बनाया जाता है. ऊपर लगी लौंग और चाशनी में डूबा इसका कुरकुरा-मीठा स्वाद इसे खास बनाता है. इस रेसिपी से आप घर पर आसानी से देसी स्टाइल लोंग लता तैयार कर सकते हैं.

यूपी तक

27 May 2026 (अपडेटेड: 27 May 2026, 01:27 PM)

follow google news

Bareilly Laung Lata Recipe: उत्तर प्रदेश का खानपान अपनी विविधता और पारंपरिक स्वाद के लिए पूरे देश में मशहूर है. इन्हीं में से एक बेहद लोकप्रिय और मिठास से भरपूर मिठाई है बरेली का फेमस “लोंग लता”, जिसे खास मौकों, त्योहारों और शादी-ब्याह में बड़े चाव से बनाया जाता है. कुरकुरी परत के अंदर सूजी, खोया और सूखे मेवों की मीठी भरावन और ऊपर लगी लौंग इसे एक अनोखा स्वाद और खुशबू देती है. आज भी बरेली और आसपास के क्षेत्रों में यह मिठाई पारंपरिक रूप से घरों में बनाई जाती है. यूपी Tak की 'One District One Cuisine' सीरीज में आज हम आपको बताएंगे कि घर पर आसानी से स्वादिष्ट बरेली स्टाइल लोंग लता कैसे तैयार किया जा सकता है.

यह भी पढ़ें...

लोंग लता बनाने के लिए सामग्री

आटे के लिए:

2 कप मैदा

2 बड़े चम्मच घी

पानी (आटा गूंथने के लिए)

एक चुटकी नमक

स्टफिंग (भरावन) के लिए:

1 कप सूजी

1 कप खोया (मावा)

1/2 कप पिसी चीनी

2 बड़े चम्मच कटे हुए काजू

2 बड़े चम्मच किशमिश

1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

अन्य सामग्री:

तलने के लिए तेल या घी

लौंग (ऊपर लगाने के लिए)

चाशनी के लिए 1 कप चीनी + 1/2 कप पानी

ऐसे बनाएं लोंग लता

सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें घी और एक चुटकी नमक डालकर अच्छे से मिलाएं. अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें और इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें. 

इसके बाद एक पैन में सूजी को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. फिर इसमें खोया डालकर हल्की आंच पर मिलाएं. जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसमें पिसी चीनी, इलायची पाउडर, काजू और किशमिश डालकर अच्छी तरह मिला लें. यह आपकी स्टफिंग तैयार है.

अब आटे की छोटी लोइयां बनाएं और उन्हें बेलकर बीच में स्टफिंग भरें. इसे लम्बे या गोल आकार में बंद करें और ऊपर एक लौंग लगाकर हल्का दबा दें. तैयार लोंग लता को धीमी-मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें. जब यह कुरकुरा और सुनहरा हो जाए तो इसे तुरंत पहले से तैयार हल्की गरम चाशनी में डाल दें. कुछ सेकंड बाद निकाल लें.

लोंग लता बनाते समय ध्यान रखें ये बातें

आटा हमेशा सख्त गूंथें ताकि लोंग लता कुरकुरा बने

स्टफिंग पूरी तरह ठंडी होनी चाहिए

तलते समय आंच मध्यम रखें ताकि अंदर तक अच्छी तरह पक जाए

चाशनी ज्यादा गाढ़ी न हो, हल्की होनी चाहिए

लौंग लगाने से इसका असली बरेली वाला स्वाद और खुशबू आती है

बरेली का लोंग लता क्यों है खास?

बरेली का लोंग लता अपनी कुरकुरी परत, मीठी भरावन और लौंग की अनोखी खुशबू के कारण खास पहचान रखता है. यह सिर्फ एक मिठाई नहीं बल्कि यूपी की पारंपरिक मिठाई संस्कृति का हिस्सा है, जिसे त्योहारों और खास अवसरों पर घर-घर में बनाया जाता है. इसका देसी स्वाद हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है.

यह भी पढ़ें: Litti Chokha Recipe: घर पर बनाएं गोरखपुर का देसी लिट्टी चोखा, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे लोग!