मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में सोमवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया. अयोध्या से आए एक भाई ने अपनी गंभीर रूप से बीमार बहन के इलाज की गुहार लगाई. मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उन्हें लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराने के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मरीज को मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज शुरू कर दिया गया. सीएम योगी ने परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिया.
भाई ने बताया- लखनऊ रेफर हुई हैं बहन
अयोध्या से आए श्याम सोनकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी बहन बबिता कुछ दिनों से अयोध्या में भर्ती थीं. डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया था.
श्याम ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और इसी वजह से इलाज कराने में परेशानी हो रही है. भाई की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मरीज को लोहिया अस्पताल भेजने के निर्देश दिए.
इसके बाद मुख्यमंत्री आवास से एंबुलेंस के जरिए बबिता को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, गोमती नगर भेजा गया. वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू हो गया.
बहन के भर्ती होते ही भाई की आंखों में आए आंसू
बहन के अस्पताल में भर्ती होने और इलाज शुरू होने की जानकारी मिलते ही श्याम ने राहत की सांस ली. उन्होंने डॉक्टरों को बहन की बीमारी और अब तक हुए इलाज की पूरी जानकारी दी.
इलाज शुरू होने के बाद श्याम भावुक हो गए. उनकी आंखों से आंसू निकल आए. उन्होंने फोन के जरिए मुख्यमंत्री आवास को बहन के भर्ती होने और इलाज शुरू होने की जानकारी दी और मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया.
'पैसे की कमी से किसी का इलाज नहीं रुकेगा'
जनता दर्शन में कई लोग अपने इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर भी पहुंचे थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए हर संभव मदद करेगी.
सीएम ने अधिकारियों को लोगों के प्रार्थना पत्रों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इलाज से जुड़े एस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता मिल सके. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धन की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा.
यूपी की 50000 बेटियों को मिलेगी फ्री स्कूटी, रक्षाबंधन के मौके पर सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान
ADVERTISEMENT











