Riju Dutta Apology: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों ने न केवल राज्य की सत्ता बदली, बल्कि उन नेताओं के तेवर भी बदल दिए हैं जो चुनाव के दौरान बेहद आक्रामक नजर आ रहे थे. टीएमसी के फायरब्रांड प्रवक्ता रिजु दत्ता, जिन्होंने चुनाव के समय यूपी काडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी को सीधी चेतावनी दी थी, अब बैकफुट पर नजर आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
IPS अजय पाल शर्मा बनाम टीएमसी, क्या था पूरा विवाद?
चुनाव के दौरान दक्षिण 24 परगना की फालता विधानसभा सीट पर जबरदस्त तनाव देखने को मिला था. चुनाव आयोग ने यहां उत्तर प्रदेश के 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' IPS अजय पाल शर्मा को पुलिस ऑब्जर्वर नियुक्त किया था. अजय पाल शर्मा खुद टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान के घर पहुंचे थे और सख्त चेतावनी दी थी कि हिंसा या गड़बड़ी होने पर 'कायदे' से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिर आई थी रिजु दत्ता की धमकी
आईपीएस अधिकारी की इस सख्ती से नाराज रिजु दत्ता ने तब एक वीडियो जारी कर बिना नाम लिए अजय पाल शर्मा पर हमला बोला था. उन्होंने कहा था, "हमारी नजर आप पर है, 4 मई के बाद बीजेपी नेता भी आपको नहीं बचा पाएंगे, हम आपको यूपी से बंगाल ले आएंगे."
4 मई के नतीजों ने पलट दी बाजी
नतीजे आने से पहले रिजु दत्ता के तेवर काफी तीखे थे, लेकिन राज्य में सत्ता परिवर्तन होते ही उनके बयानों में भारी बदलाव आया है.
दत्ता ने अब 15 मिनट का वीडियो जारी कर शुभेंदु अधिकारी से उन सभी टिप्पणियों के लिए माफी मांगी है, जो उन्होंने चुनाव के दौरान की थीं. दिलचस्प बात यह है कि कभी धमकी देने वाले रिजु दत्ता ने अब यह खुलासा किया है कि बीजेपी नेताओं ने उन्हें उनकी सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया है.
तेवर तो बदले, पर अजय पाल शर्मा पर चुप्पी
हालांकि रिजु दत्ता ने शुभेंदु अधिकारी से तो माफी मांग ली है, लेकिन यूपी के आईपीएस अजय पाल शर्मा को लेकर उन्होंने सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया है. फिर भी, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जो नेता पहले अजय पाल शर्मा को 'देख लेने' की बात कर रहे थे, अब बंगाल में टीएमसी की सरकार जाते ही उनके तेवर ठंडे पड़ गए हैं.
ADVERTISEMENT









