UP News: उत्तर प्रदेश के 2 एमडीएम पति-पत्नी के बीच का विवाद अब सुर्खियों में आ गया है. मामले में गंभीर और सनसनीखेज आरोप भी लगाए गए हैं. दोनों ही अधिकारी एक ही जिले में तैनात हैं. दरअसल हम बात कर रहे हैं चंदौली सदर की एसडीएम दिव्या ओझा और चंदौली के ही पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा की. एसडीएम दिव्या ओझा और एसडीएम अनुपम मिश्रा की शादी साल 2020 में हुई थी. मगर अब तलाक का मामला चल रहा है. इस बीच एसडीएम दिव्या ओझा के पिता ने एसडीएम अनुपम मिश्रा के खिलाफ सनसनीखेज आरोप लगाए हैं.
ADVERTISEMENT
दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने अपने दामाद एसडीएम अनुपम मिश्रा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, शारीरिक मानसिक यातना समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज करवाया है. 17 मार्च 2026 के दिन उन्होंने प्रतापगढ़ में केस दर्ज करवाया है.
शादी के बाद आने लगी समस्याएं
दरअसल चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा की शादी चंदौली सदर में तैनात एसडीएम दिव्या ओझा के साथ 2020 में हुई थी. 2017 बैच की पीसीएस अधिकारी दिव्या ओझा मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं, जबकि 2019 बैच के अधिकारी अनुपम मिश्रा नैनी प्रयागराज के रहने वाले हैं. बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों लोगों के बीच वैचारिक मतभेद सामने आने लगे. इसी दौरान दोनों लोगों की पोस्टिंग चंदौली जनपद में हो गई.
विवाद को सुलझाने के लिए कई बार कोशिश की गई. मगर बात नहीं बनी 4 महीने पहले अनुपम मिश्रा ने कोर्ट में तलाक फाइल कर दिया. दोनों के बीच कोर्ट केस भी शुरू हो गया..
अब दिव्या ओझा के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
एसडीएम दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने 17 मार्च 2026 को प्रतापगढ़ के महिला थाना में अपने एसडीएम दामाद, उनके पिता मां और दो बहनों के खिलाफ केस दर्ज करवाया. एफआईआर के मुताबिक दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने आरोप लगाया है कि उनका दामाद शारीरिक रूप से अक्षम है और यह शादी झूठ बोलकर की गई. साथ ही दहेज़ में 20 करोड़ रुपए की डिमांड की भी गई थी.
निशाकांत ओझा ने अपने एसडीएम दामाद पर अपनी बेटी को मारने पीटने, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, जानलेवा हमला करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैक मेल करने का भी आरोप लगाया है. फिलहाल इस मामले पर दोनों ही एसडीएम का कोई भी बयान सामने नहीं आया है.
बेटी पर जानलेवा हमला किया गया…
निशाकांत ओझा ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर 2025 की रात करीब 2 बजे दिव्या ओझा पर जानलेवा हमला किया गया. इसके अलावा 2 दिसंबर 2025 और 6 सितंबर 2025 को भी उनके साथ मारपीट की गई. तहरीर में यह भी कहा गया है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत स्थानीय अधिकारियों से की, तो कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उलटा उनकी बेटी को करियर बर्बाद करने की धमकी दी जाती रही. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
ADVERTISEMENT









