शिवपाल यादव के खिलाफ किसे टिकट देगी बीजेपी? जानिए जसवंतनगर विधानसभा सीट का पूरा सियासी समीकरण
इटावा की जसवंतनगर सीट पर 2027 चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है. शिवपाल यादव की बहू के संभावित चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच बीजेपी के संभावित दांव और शाक्य-यादव समीकरण ने मुकाबले को चर्चा में ला दिया है.
ADVERTISEMENT

Shivpal and CM yogi
समाजवादियों का 'अभेद्य किला' कही जाने वाली इटावा की जसवंतनगर विधानसभा सीट एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल का केंद्र बनी हुई है. 1967 में नेताजी मुलायम सिंह यादव की पहली जीत से लेकर लगातार छह बार से विधायक रहे उनके छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव तक इस सीट पर दशकों से सैफई परिवार का एकछत्र राज रहा है. लेकिन 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर जसवंतनगर के सियासी गलियारों में एक नया सवाल तैर रहा है, क्या इस बार शिवपाल सिंह यादव अपनी यह पारंपरिक सीट अपनी पुत्रवधू (बहू) को सौंपेंगे? और वहीं दूसरी तरफ इस सीट पर आज तक खाता भी न खोल पाने वाली भारतीय जनता पार्टी क्या इस बार करहल की तर्ज पर कोई भारी-भरकम दांव खेलने की तैयारी में है?
