UP Kiska: बीजेपी के दिग्गज दलित नेता को कैसे हराएगी सपा, कौन जीतेगा मनकापुर की विधानसभा सीट?
Mankapur Assembly Election 2027: मनकापुर की सियासत में 2027 से पहले घमासान तेज है. भाजपा के गढ़ में सपा का PDA दांव चुनौती बन रहा है. बृजभूषण, राजघराना, जातीय समीकरण और बसपा फैक्टर के बीच मुकाबला इस बार बेहद दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT

Mankapur Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश की सियासत में गोंडा जिले का अपना एक अलग और बेहद दिलचस्प मिजाज रहा है. यहां एक तरफ बाहुबली बृजभूषण शरण सिंह का अपना सियासी दबदबा है तो दूसरी तरफ मनकापुर राजघराना है, जिसकी कमान कभी राजा आनंद सिंह के हाथ में थी और अब उनके बेटे व मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री कुंवर कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया इसे संभाल रहे हैं. इसी राजघराने के प्रभाव वाली सुरक्षित विधानसभा सीट है 'मनकापुर', जहां पिछले दो चुनावों (2017 और 2022) से भाजपा के वरिष्ठ दलित नेता और पूर्व मंत्री रमापति शास्त्री विधायक हैं. लेकिन बदलते दौर में जहां एक तरफ बृजभूषण शरण सिंह अपनी ही पार्टी को रह-रहकर चेतावनी दे रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी का 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूला जमीन पर पैर पसार रहा है. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या साल 2027 के रण में भी यहां भाजपा का 'माहौल टाइट' रहेगा या सियासी समीकरण कोई नया मोड़ लेने वाले हैं?