लेटेस्ट न्यूज़

अखिलेश यादव का अयोध्या को लेकर बड़ा वादा, बोले- बनाएंगे सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी

यूपी में सरकार बनने पर अखिलेश यादव ने अयोध्या को लेकर कई वादे किए हैं. राम मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था से लेकर जमीन के सौदों की जांच और नाविकों को रोजगार देने तक, जानिए सपा अध्यक्ष ने अपनी योजना में क्या-क्या शामिल किया है.

ADVERTISEMENT

Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav (File Photo)
social share
Google CTA

समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करने और उसे 'सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी' बनाने का वादा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया है.  उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश ने अयोध्या के विकास को लेकर अपनी योजनाएं सामने रखी हैं. उन्होंने शहर की स्थानीय अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने, मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी व्यवस्था पारदर्शी करने और स्थानीय लोगों को रोजगार देने की बात कही है.

अखिलेश यादव ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटना से श्रद्धालुओं को ठेस पहुंची है. उनके मुताबिक, अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या घटने से स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ा है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी अयोध्या की प्रतिष्ठा बहाल करने के लिए काम करेगी.

राम मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था पारदर्शी करने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनती है तो अयोध्या में विश्वस्तरीय बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. राम मंदिर में लोगों का भरोसा बहाल करने के लिए चढ़ावे और दान से जुड़ी व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाएगा.

उन्होंने कहा कि अयोध्या को सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना है.

नाविकों के लिए भी की घोषणा

सपा अध्यक्ष ने अयोध्या में पारंपरिक नौका विहार को बढ़ावा देने की बात कही. उनका कहना है कि इससे स्थानीय नाविकों को रोजगार और आमदनी के अवसर मिलेंगे.

अखिलेश ने भगवान राम और निषादराज के संबंधों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी इस रिश्ते को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, क्योंकि वह नहीं चाहती कि लोग भगवान राम और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के बीच रहे संबंध को याद रखें.

जमीन के सौदों की जांच कराने की बात

अखिलेश यादव ने अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराने का भी वादा किया. उन्होंने शहर में जमीन की खरीद-बिक्री की जांच कराने की बात कही. सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सर्किल रेट में गड़बड़ी हुई है और बीजेपी नेताओं की भ्रष्ट अधिकारियों के साथ मिलीभगत है.

उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो इन मामलों की जांच कराई जाएगी. जिन लोगों ने गलत तरीके से संपत्ति बनाई है, उनकी संपत्ति की भी जांच होगी और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाया जाएगा.

राशन के साथ तेल और घी देने का वादा

सपा अध्यक्ष ने राशन पाने वाले लाभार्थियों को तेल और घी देने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि इससे लोगों की पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी.

अखिलेश ने अयोध्या में दीपोत्सव के बाद सरयू घाटों पर बचे हुए दीयों से तेल इकट्ठा करने वाले गरीब लोगों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि तेल बांटने के नाम पर किसी को अपमानित या प्रताड़ित नहीं किया जाना चाहिए.

इसके अलावा अखिलेश ने कहा कि किसी भी धर्म के देवी-देवताओं और प्रमुख हस्तियों का अपमान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. ऐसे कामों को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर भी कार्रवाई की बात उन्होंने कही.

12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश

अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे. इस दौरान वह राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे. मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनकी पहली अयोध्या यात्रा होगी. अपने दौरे के दौरान अखिलेश संतों, महंतों और साधु-संतों से भी मुलाकात करेंगे.