Opinion on UP Schemes: आंगनवाड़ी मानदेय 12,000 और सहायिकाओं का 6,000 हुआ, जानिए सभी बड़े फैसले
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर ₹12,000 और सहायिकाओं का ₹6,000 कर दिया है. इसके साथ ही ₹5 लाख का मुफ्त कैशलेस स्वास्थ्य बीमा और बुजुर्ग महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा की सुविधा दी गई है.
ADVERTISEMENT

हमारे धार्मिक ग्रंथों में नारी को शक्ति कहा गया है. यह शक्ति केवल पूजने से नहीं आती, बल्कि उसे अवसर, अधिकार और सम्मान देकर उसकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने से प्रस्फुटित होती है. नारी शक्ति, सृजन और समाज की धुरी है जिसे उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता’ के भाव से आगे बढ़ा रही है, जो हमारी सनातन सभ्यता की मूल चेतना का उदघोष है. किंतु नारी का असली सम्मान तब तक पूर्ण नहीं होता, जब तक कि उसके श्रम का सम्मान न किया जाए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी करके सम्मान की इस श्रृंखला को आगे बढ़ाया है. सरकार के इस फैसले के सामाजिक अर्थ बहुत व्यापक हैं. आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को राज्य की सरकारी व्यवस्था की महज एक इकाई के रूप में नहीं देखा जा सकता. वे गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक देखभाल की पहली पंक्ति में खड़ी होती हैं. उनके श्रम का सम्मान वस्तुतः आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य का सम्मान है.

