ASI आज दाखिल कर देगा ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट? पिछली बार कोर्ट ने ये उम्मीद जताई थी
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) आज यानी सोमवार को वाराणसी की अदालत में ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट दाखिल कर सकती है.
ADVERTISEMENT

Gyanvapi News: भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) आज यानी सोमवार को वाराणसी की अदालत में ज्ञानवापी परिसर की सर्वे रिपोर्ट दाखिल कर सकती है. मालूम हो कि इससे पहले बीते 30 नवंबर को एएसआई को रिपोर्ट दाखिल करने के लिए तीसरी बार 10 दिन का अतिरिक्त समय अदालत ने दिया था. इसके साथ ही अदालत ने यह भी उम्मीद जताई थी कि ASI अब आगे और समय की मांग नहीं करेगा. आज विष्णु जैन समेत सभी पक्षों के वकील अदालत में मौजूद रहेंगे.
अतिरिक्त समय के लिए मुस्लिम पक्ष ने किया था विरोध
मुस्लिम पक्ष के वकील मोहम्मद इखलाक ने अधिक समय मांगने पर कड़ी आपत्ति जताई और दलील दी कि एएसआई बिना किसी उचित कारण के बार-बार रिपोर्ट दाखिल करने के लिए समय मांग रहा है; इसलिए अतिरिक्त समय की अर्जी खारिज की जाए. उन्होंने यह भी तर्क दिया कि रिपोर्ट दाखिल करने के लिए बार-बार समय लेने की इस प्रक्रिया का अंत होना चाहिए. एएसआई को अदालत द्वारा दिए गए समय के भीतर रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया जाए.
गौरतलब है कि सर्वेक्षण तब शुरू हुआ था जब इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने वाराणसी जिला अदालत के आदेश को बरकरार रखा और फैसला सुनाया कि यह कदम ‘न्याय के हित में आवश्यक’ है और इस विवाद में हिंदू और मुस्लिम दोनों पक्षों को फायदा होगा.
