लेटेस्ट न्यूज़

कहीं पर एक साथ, तो कहीं आमने-सामने... UP MLC चुनाव के दौरान पूर्वांचल में दिखी गजब सियासत

ADVERTISEMENT

UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनाव के दौरान पूर्वांचल में सपा और बीजेपी के बीच खूब सियासत दिखी. गोरखपुर में सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी और बीजेपी के एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह की साथ में तस्वीर चर्चा में है. वहीं, वाराणसी और कौशांबी में भी प्रत्याशियों और समर्थकों के बीच तनातनी की खबरें सामने आई हैं.

social share
Google CTA

UP MLC Election 2026: पूर्वांचल में एमएलसी चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह से गरमा गया है. समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों और समर्थकों के बीच कई जगहों पर तनातनी, आरोप-प्रत्यारोप और झड़प की खबरें सामने आ रही हैं. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लेकर वाराणसी और जौनपुर तक चुनाव को लेकर विवाद देखने को मिल रहे हैं. चुनाव प्रचार के दौरान प्रशासन और पुलिस पर भी पक्षपात के गंभीर आरोप लगे हैं, जिसने चुनावी माहौल को और जटिल बना दिया है. राजनीति के जानकारों का मानना है कि इन घटनाओं का असर सिर्फ इस एमएलसी चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनावों में भी इसके परिणाम देखने को मिल सकते हैं.

सपा और बीजेपी प्रत्याशी आए साथ

गोरखपुर शिक्षक खंड क्षेत्र से बीजेपी के मौजूदा एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह और सपा प्रत्याशी संजयन त्रिपाठी की एक साथ तस्वीर सामने आई है, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है. देवेन्द्र प्रताप ने आरोप लगाया है कि उन्हें एक कार्यक्रम में अपमानित किया गया था. जिसके बाद वह भाजपा से दूरी बनाते हुए दिख रहे हैं. बता दें संजयन त्रिपाठी को बीजेपी से टिकट नहीं मिला था, जिसके बाद वह सपा में शामिल हो गए. अब इन दोनों नेताओं के गठजोड़ से चुनाव में बड़ा बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है.

वाराणसी और कौशांबी में बढ़ा विवाद

वाराणसी स्नातक क्षेत्र में मतदान के दिन सपा प्रत्याशी आशुतोष और बीजेपी के केदार सिंह के बीच तनातनी की तस्वीरें काफी वायरल हो रही हैं. इसके अलावा कौशाम्बी में भी माहौल तनावपूर्ण रहा, जहां सपा समर्थकों ने पुलिस पर बीजेपी के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया है. इन विवादों के कारण दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी बहस देखने को मिली है, जिससे चुनाव का माहौल और ज्यादा आक्रामक हो गया है.

जौनपुर में प्रशासन पर दबाव के आरोप

जौनपुर में भी सियासी खींचतान जारी है. वहां से समाजवादी पार्टी की विधायक रागनी सोनकर ने चुनाव प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है. हालांकि, उनके विरोधियों ने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया है. इन सभी घटनाओं और नेताओं के अलग-अलग बयानों पर ग्रामीण और शहरी दोनों ही क्षेत्रों के मतदाता पैनी नजर बनाए हुए हैं, जो आने वाले नतीजों को सीधे तौर पर प्रभावित करेगा.