कैमरे पर फूट-फूटकर रोए आगरा से सपा के शिक्षक MLC उम्मीदवार आकाश अग्रवाल, बोले- धर्म परिवर्तन कर लूंगा
ADVERTISEMENT
Agra MLC Election: उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बीच आगरा से सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल का रोते हुए वीडियो वायरल हो रहा है. आकाश ने पुलिस प्रशासन पर अपने समर्थकों को परेशान करने और चुनाव में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं.
Agra MLC Election: उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है. आगरा से समाजवादी पार्टी के शिक्षक एमएलसी उम्मीदवार आकाश अग्रवाल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे कैमरे के सामने फूट-फूटकर रोते हुए नजर आ रहे हैं. आकाश ने पुलिस और प्रशासन पर चुनाव में गड़बड़ी करने और अपने समर्थकों को बेवजह परेशान करने के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. हालात से निराश होकर आकाश ने यहां तक कह दिया कि अगर ऐसा ही चलता रहा तो वे लखनऊ की ईदगाह जाकर अपना धर्म बदल लेंगे. उनके इस बयान के बाद यूपी सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने उन पर पलटवार करते हुए तीखी टिप्पणी की है. अब सबकी निगाहें 27 तारीख को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं.
आकाश ने लगाए गंभीर आरोप
आकाश अग्रवाल ने रोते हुए प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उन्हें इतना ज्यादा परेशान किया जा रहा है कि अगर प्रशासन चाहे तो उन पर झूठा ड्रग्स या हथियारों का केस भी थोप सकता है. उन्होंने यहां तक कहा कि उन्हें डर है कि पुलिस उन्हें पाकिस्तान का आतंकवादी न बता दे. आकाश का आरोप है कि जिन 'सनातन रक्षकों' के राज में उन्हें परेशान किया जा रहा है, वे ऐसे सनातन में नहीं रहना चाहते और वे धर्म परिवर्तन करने को भी तैयार हैं.
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का तीखा वार
आकाश के इन आरोपों और धर्म बदलने की धमकी पर बीजेपी की तरफ से भी कड़ा रिएक्शन आया है. यूपी सरकार में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आकाश पर निशाना साधते हुए उन्हें 'सिद्धांतहीन व्यक्ति' बताया है. मंत्री ने कहा कि आकाश पहले बीजेपी से ही टिकट मांग रहे थे, लेकिन जब उन्हें वहां से टिकट नहीं मिला तो वे सपा में शामिल हो गए. उन्होंने आकाश को बिना दीन-ईमान का नेता बताया है और कहा कि वोटर्स उनकी सच्चाई जानते हैं.
अखिलेश यादव ने भी जताया गुस्सा
इस पूरे विवाद पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है. वोट डालने के बाद सैफई में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी चुनाव में अपनी हार देखकर निराश और परेशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा, फतेहपुर, गोरखपुर और जौनपुर जैसी कई जगहों से खबरें आ रही हैं कि सपा के मतदाताओं को बीजेपी के गुंडों और भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा परेशान किया जा रहा है. अखिलेश ने चेतावनी देते हुए कहा कि ये ज्यादतियां बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.
