अब्बास अंसारी ने ओम प्रकाश राजभर पर साधा निशाना, बोले- 'बीजेपी सुभासपा को खा रही है'
ADVERTISEMENT
Abbas Ansari: जेल से बाहर आने के बाद सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी ने मऊ में बीजेपी और एनडीए के सहयोगी दलों पर निशाना साधा है. उन्होंने ओम प्रकाश राजभर को नसीहत देते हुए कहा कि बीजेपी सुभासपा को ही नुकसान पहुंचा रही है.
Abbas Ansari: मुख्तार अंसारी के बेटे और सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी जेल से बाहर आने के बाद एक बार फिर अपने पुराने तीखे तेवर में नजर आ रहे हैं. मऊ पहुंचते ही उन्होंने बीजेपी और एनडीए के सहयोगी दलों पर जमकर जुबानी हमला बोला है. सबसे पहले उन्होंने अपने निशाने पर अपनी ही पार्टी के मुखिया ओम प्रकाश राजभर के लिए और उन्हें नसीहत दे डाली. अब्बास ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का बचाव करते हुए राजभर के बयानों पर करारा पलटवार किया है. उन्होंने दावा किया है कि आरक्षण के मुद्दे पर बीजेपी खुद अपने सहयोगी दलों को नुकसान पहुंचा रही है.
बीजेपी सुभासपा को खा रही है
हाल ही में ओम प्रकाश राजभर ने बयान दिया था कि कांग्रेस यूपी में समाजवादी पार्टी का अस्तित्व खत्म करना चाहती है. इसके जवाब में अब्बास अंसारी ने कहा कि चाचा राजभर को समझना चाहिए कि दरअसल बीजेपी ही सुभासपा को खा रही है. उन्होंने याद दिलाया कि उनकी पार्टी का गठन राजभर समाज को आरक्षण और उनका हक दिलाने के लिए हुआ था. अब्बास ने तंज कसते हुए कहा कि आज सरकार में शामिल होने के बावजूद वे अपने समाज के लोगों को न्याय नहीं दिला पा रहे हैं.
एनडीए के अन्य नेताओं का जिक्र
अब्बास अंसारी ने अपने बयान में सिर्फ ओम प्रकाश राजभर का ही नाम नहीं लिया, बल्कि एनडीए में शामिल अन्य नेताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल और जयंत चौधरी जैसे नेता भी आरक्षण के मुद्दे पर समय का इंतजार कर रहे हैं. अब्बास ने दावा किया कि ये सभी नेता संविधान और लोकतंत्र से प्यार करने वाले लोग हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये सभी नेता आरक्षण का विरोध करने वाली सरकार और पार्टी के खिलाफ जरूर खड़े होंगे.
सपा के लिए खुलकर की बैटिंग
अब्बास अंसारी भले ही सुभासपा के सिंबल पर विधायक चुने गए हों, लेकिन वे खुलकर समाजवादी पार्टी के लिए बैटिंग करते नजर आते हैं. जेल से बाहर आने के बाद वे अखिलेश यादव से कई बार मुलाकात कर चुके हैं और मऊ में भी उन्होंने सपा दफ्तर पहुंचकर ही मीडिया के सामने अपनी बातें रखीं. खुद ओम प्रकाश राजभर भी राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से पहले यह बात मान चुके हैं कि अब्बास अंसारी उनके नहीं, बल्कि अखिलेश यादव के नेता हैं.
