Saharanpur News: सहारनपुर के किशनपुरा में भीषण अग्निकांड, यूनिक ट्रेडिंग कंपनी की दो मंजिला इमारत में लगी आग
Saharanpur Fire Incident News: सहारनपुर के किशनपुरा स्थित यूनिक ट्रेडिंग कंपनी की दो मंजिला इमारत में देर रात भीषण आग लग गई. आग ने देखते ही देखते पूरे भवन को चपेट में ले लिया. कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई.
ADVERTISEMENT

Saharanpur News: सहारनपुर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत किशनपुरा में स्थित यूनिक ट्रेडिंग कंपनी की दो मंजिला इमारत में देर रात को अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई. सूचना प्राप्त होते ही अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो फायर टेंडरों को तत्काल मौके पर रवाना किया. घटनास्थल पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने देखा कि गौरव पुत्र धर्मवीर सिंह की यूनिक ट्रेडिंग कंपनी के दोनों तल आग की चपेट में थे और आग तेजी से फैल रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर कर्मियों ने बिना समय गंवाए तीन हॉज़ पाइप बिछाकर पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का अभियान चलाया. भवन के ऊपरी हिस्से में लगी आग तक पहुंचने के लिए फायर कर्मियों ने एक्सटेंशन लैडर का इस्तेमाल किया और बाहर से ही ऊपरी मंजिल पर काबू पाने का प्रयास किया.