बेटे की चाहत में शीबा संग लिव-इन में रहने लगा सादिक, लड़का होने के बाद उसी की हत्या क्यों कर दी?
मेरठ के सरधना में खेत से मिले महिला के शव की पहचान शीबा के रूप में हुई. पुलिस के मुताबिक शादीशुदा प्रेमी सादिक ने बेटे की चाहत में शीबा को लिवइन में रखा. बेटे के जन्म के बाद परिवार संग हत्या की साजिश रची.
ADVERTISEMENT

1/7
मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में 20 अगस्त को खेत से मिले महिला के शव की पहचान शीबा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक शीबा की हत्या उसके प्रेमी सादिक ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर की. आरोप है कि सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पांच बेटियां थीं. बेटे की चाहत में उसने शीबा को अपने साथ लिवइन में रखा और करीब एक साल पहले शीबा ने एक बेटे को जन्म दिया. पुलिस का दावा है कि बेटे के जन्म के बाद सादिक और उसके परिजनों ने शीबा को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

2/7
20 अगस्त को मेरठ के सरधना इलाके के एक खेत में एक महिला का शव बरामद हुआ था. महिला के चेहरे पर ईंट से कई बार वार किए गए थे, जिससे शव की हालत बेहद खराब थी और उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इसी दौरान मृतका के परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. 21 अगस्त को सोशल मीडिया पर अज्ञात महिला का शव मिलने की तस्वीर देखने के बाद शीबा के परिजन सरधना थाने पहुंचे. इसके बाद मोर्चरी में शव की पहचान शीबा के तौर पर हुई.

3/7
पुलिस के मुताबिक शीबा की शादी साल 2019 में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर निवासी शाहरुख से हुई थी. उसके दो बच्चे भी थे. शाहरुख गाजियाबाद की एक फैक्ट्री में मजदूरी करता था. इसी दौरान शीबा की नजदीकियां सादिक से बढ़ गईं और वह उसके साथ लिवइन रिलेशनशिप में रहने लगी. पुलिस के अनुसार सादिक पहले से शादीशुदा था और उसकी पांच बेटियां थीं.

4/7
पुलिस की जांच के मुताबिक शुरुआत में सादिक के परिवार ने शीबा को अपने साथ रखने का विरोध किया था. इसके बाद सादिक कुछ समय के लिए परिवार से अलग रहने लगा. कुछ दिन बाद वह वापस परिवार के पास आया और बताया कि उसका कोई बेटा नहीं है और उसने शीबा को बेटे की चाहत में अपने साथ रखा है. पुलिस के मुताबिक इसके बाद सादिक के परिवार ने शीबा को स्वीकार कर लिया. करीब एक साल पहले शीबा ने एक बेटे को जन्म दिया.

5/7
पुलिस के मुताबिक बेटे के जन्म के बाद सादिक और उसके परिजनों ने शीबा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि सादिक की पहली पत्नी आशिया, मां वसीरा और दोनों भाई आबिद व शादाब भी इस साजिश में शामिल थे. शीबा के भाई की तहरीर पर कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी सादिक, उसकी पहली पत्नी आशिया, मां वसीरा और भाइयों आबिद व शादाब के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है.

6/7
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 19 अगस्त को शीबा को देहरादून घूमने के बहाने गाड़ी में बैठाया गया था. पुलिस के मुताबिक, रास्ते में गाड़ी के अंदर ही सादिक ने शीबा की हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी शव को मेरठ के सरधना रोड पर ले गए और एक खेत में फेंक दिया. आरोप है कि शीबा की पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे पर ईंट से कई बार वार किए गए. शीबा के परिजनों ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को उसने फोन कर जानकारी दी थी कि सादिक और उसके परिवार के लोग उसे गाड़ी में बैठाकर ले जा रहे हैं. इसके बाद उसका फोन बंद हो गया.

7/7
मामले में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हत्या की पूरी कहानी सामने आई. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि सादिक की पहली पत्नी आशिया से पांच बेटियां थीं और कोई बेटा नहीं था. 'बेटे की चाहत में सादिक ने शीबा को अपने साथ रखा था.' पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीब चार साल से संबंध थे और बेटे के जन्म के बाद शीबा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई. पुलिस का कहना है कि शीबा की मौत गला दबाने से हुई थी और उसके चेहरे पर ईंट से कई बार वार किए गए थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे और तथ्य सामने आने की बात पुलिस ने कही है. फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है. इस हत्याकांड से मेरठ में सनसनी फैल गई है.
