झांसी में चूहे को रस्सी से बांधकर जिंदा जलाया, जुनैद-जीशान-आशिक-शफीक की हरकत का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR
ADVERTISEMENT
झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में चूहे को रस्सी से बांधकर आग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. 47 सेकंड के इस वीडियो में चार लोग चूहे को जलाते और उसका वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद अटपटा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां चार लोगों ने एक बेजुबान चूहे की निर्मम हत्या कर दी और उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो में दिख रहा है कि आरोपियों ने चूहे को पकड़ा, उसे रस्सी से बांधा और फिर आग के हवाले कर दिया. जब बेजुबान तड़प रहा था, तो आरोपी हंसते हुए उसका वीडियो बना रहे थे. 47 सेकंड का यह दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए झांसी पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया और चार आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है.
चूहे को बांधकर लगाई आग
वायरल वीडियो झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के ओरछा गेट स्थित कसाई मंडी इलाके का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपियों ने पहले चूहे को रस्सी से बांधा और फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. आग लगने के बाद चूहा खुद को बचाने के लिए छटपटाता हुआ दिखाई देता है. थोड़ी देर बाद जब रस्सी टूट जाती है, तो चूहा इधर-उधर भागने की कोशिश करता है, लेकिन आरोपी लगातार उसका वीडियो बनाते रहते हैं और उस पर हंसते हैं.
4 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
इस क्रूर कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेजुबान जानवरों के प्रति संवेदनशीलता और सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी. वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा (अपराध संख्या 319/2026) दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में चार लोग- जुनैद कुरैशी, जीशान कुरैशी, आशिक कुरैशी और शफीक को नामजद किया गया है. ये चारों आरोपी ओरछा गेट इलाके के ही रहने वाले हैं.
पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई
इस पूरी घटना पर लोगों ने सोशल मीडिया पर काफी गुस्सा जाहिर किया है. पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक (कानूनी) कार्रवाई जारी है. अब यह देखना अहम होगा कि पुलिस इन आरोपियों को कब गिरफ्तार करती है और इस घटना पर आगे क्या कड़ा एक्शन लिया जाता है.
यह भी पढ़ें: यूपी में मिशन-2027 के लिए बीजेपी तैयार, पीएम मोदी कमिश्नरी और अमित शाह बूथ लेवल पर संभालेंगे मोर्चा
