आजम खान की बढ़ेंगी मुश्किलें, 14 दिन की न्यायिक हिरासत के बाद अब ED मांगेगी रिमांड
ADVERTISEMENT
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया है. अब ईडी उनसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड मांग सकती है.
समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता आजम खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. 1 नवंबर को आजम खान को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में गाजियाबाद की डासना जेल भेज दिया है. अब ईडी आजम खान की पुलिस रिमांड के लिए जल्द ही आवेदन कर सकती है. बता दें जब आजम खान कोर्ट जा रहे थे, तब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह कुछ कहना चाहेंगे, जिस पर उन्होंने गाड़ी का शीशा नीचे कर दर्द भरे अंदाज में उन्होंने कहा, "अब बात करने को, बोलने को कुछ रहा ही क्या है?" आजम खान की गिरफ्तारी पर अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा सरकार आजम खान के साथ अन्याय कर रही है.
ईडी मांग सकती है आजम खान की रिमांड
गाजियाबाद की डासना जेल में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आजम खान से पूछताछ करने के लिए अब ईडी पुलिस रिमांड मांगने की तैयारी कर रही है. सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसी अगले एक या दो दिनों में गाजियाबाद की पीएमएलए कोर्ट में आजम खान की पुलिस कस्टडी के लिए आवेदन कर सकती है. अगर कोर्ट से ईडी को आजम खान की रिमांड मिल जाती है, तो उन्हें पूछताछ के लिए लखनऊ ले जाया जाएगा. ईडी जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े फंड में हुई कथित अनियमितताओं और पैसों के लेनदेन के मामले की गहराई से जांच करना चाहती है.
अखिलेश यादव ने सरकार पर बोला हमला
1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुए विपक्षी गठबंधन के कार्यक्रम से लौटने के बाद अखिलेश यादव ने आजम खान की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि आजम खान के साथ सरकार लगातार अन्याय कर रही है और इस सीमा तक का अन्याय जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी. अखिलेश ने कहा, "किसी के साथ इतना अन्याय करना ठीक नहीं है. यह गैरकानूनी और संविधान के खिलाफ काम है. जब वह पहले ही जेल में थे, तो उन्हें किस आधार पर फिर से जेल भेज दिया गया?" अखिलेश ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह हार के डर से यह सब कर रही है.
सपा नेताओं ने भी उठाए बीजेपी पर सवाल
अखिलेश यादव के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी आजम खान पर हो रही कार्रवाई को लेकर चिंतित हैं और सरकार को घेर रहे हैं. सपा नेताओं का कहना है कि आजम खान पार्टी के बहुत वरिष्ठ नेता हैं और मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक, पार्टी में हमेशा उनका सम्मान रहा है. नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आजम खान के पीछे पड़ी है और उन्हें साइकिल चोरी, मुर्गी चोरी और किताब चोरी जैसे बेतुके और मनगढ़ंत मामलों में फंसाकर जानबूझकर जेल में रख रही है, जबकि पूरी समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है.
यह भी पढ़ें: 'विपक्ष का युवा नेता नाचने वाले बंदर जैसा...' बृजभूषण शरण सिंह का राहुल गांधी पर विवादित बयान, विदेशी फंडिंग को लेकर भी लगाए आरोप
