रामपुर जेल से ED ने आजम खान को किया गिरफ्तार, भड़के अखिलेश यादव; बोले- 'जब वक्त बदलता है तो तख्त भी बदल जाता है'
ADVERTISEMENT
रामपुर जेल से रिहा होने के कुछ ही मिनट बाद ईडी ने आजम खान को गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, 'जब वक्त बदलता है तो तख्त भी बदल जाता है.'
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. शनिवार शाम को रामपुर जेल से रिहा होने के कुछ ही मिनटों बाद प्रवर्तन निदेशालय की टीम उन्हें अपने साथ ले गई. आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को इलाहाबाद हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा किया गया था, लेकिन जेल के गेट पर ही ईडी की टीम आजम खान से पूछताछ करने पहुंच गई और बहस के बाद उन्हें अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गई. आजम खान की इस गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया बवाल खड़ा हो गया है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सत्ताधारी पार्टी पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा है कि 'जब वक्त बदलता है, तो तख्त भी बदल जाता है.'
आजम बोले- मुसलमान होने की सजा
रामपुर जेल से बाहर आते ही जब मीडिया ने आजम खान से बात करने की कोशिश की, तो उनका दर्द छलक उठा. आजम खान ने इसे मुसलमान होने की सजा बताया और कहा, "मेरा गुनाह सिर्फ इतना है कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई." इस दौरान उन्होंने आसमान की तरफ हाथ उठाकर कहा कि ऊपर वाला सब देख रहा है. बता दें कि आजम खान को लेने के लिए ईडी की टीम रिहाई से 15 मिनट पहले ही जेल के अंदर पहुंच चुकी थी और बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात था.
अखिलेश यादव की सत्ता को चेतावनी
आजम खान की गिरफ्तारी के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर सत्ताधारी सरकार को कड़ी चेतावनी दी. उन्होंने लिखा, "आज के हुक्मरानों को याद रहे कि जब वक्त बदल जाता है, तो तख्त बदल जाता है." अखिलेश ने कहा कि आजम खान के खिलाफ जो साजिशें रची जा रही हैं, उसे पूरा देश और दुनिया देख रही है. उन्होंने किसी बुजुर्ग को बार-बार झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल में डालने को एक कायराना हरकत करार दिया और कहा कि आज की सत्ता जिस गलत रास्ते पर चल रही है, हवा बदलने पर वह खुद इसका शिकार होगी.
जौहर ट्रस्ट और धन के दुरुपयोग की जांच
जेल से रिहा होकर घर जाते वक्त आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम ने भी अपना दर्द बयां किया. उन्होंने कहा कि उनके परिवार को भैंस चोरी, मुर्गी चोरी जैसी झूठी बातों में फंसाया गया और उन्हें काफी जिल्लत उठानी पड़ रही है. दूसरी तरफ, ईडी आजम खान के खिलाफ मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े जौहर ट्रस्ट के मामले में कार्रवाई कर रही है. ईडी सरकारी धन और निर्माण सामग्री के कथित दुरुपयोग, जमीन की खरीद-फरोख्त और यूनिवर्सिटी के निर्माण में इस्तेमाल हुए पैसे की जांच कर रही है. यह जांच रामपुर के अजीम नगर थाने में दर्ज 26 एफआईआर के आधार पर शुरू की गई है.
यह भी पढ़ें: यूपी के लिए बड़ी खुशखबरी! इन 6 शहरों से होकर गुजरेगी बुलेट ट्रेन, जानिए पूरा रूट और टाइमिंग
