'मेरे जैसी प्यार करने वाली उनको मिलेगी नहीं... 'राइज एंड फॉल 2' में खेसारी यादव की 'एक्स GF' काजल ने कह दी ये बात
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में खेसारी लाल यादव संग पांच साल के रिश्ते पर खुलकर बात की. उन्होंने प्यार, ब्रेकअप और रिश्ते में झेली गई घरेलू हिंसा को लेकर भावुक खुलासे किए.
ADVERTISEMENT

भोजपुरी सिनेमा की सबसे चर्चित और हिट जोड़ियों में से एक खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी का रिश्ता एक बार फिर सुर्खियों में है. भले ही दोनों का ब्रेकअप हुए साल बीत चुके हों लेकिन काजल राघवानी के दिल में दबे जज़्बात फिर से बाहर आ गए हैं. रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल सीजन 2' में यूट्यूबर मनीष कश्यप से बातचीत के दौरान काजल ने खेसारी लाल के साथ अपने 5 साल लंबे रिश्ते पर बात की. काजल ने साफ लहजे में कहा कि 'फालतू में कोई फ्री में 5 साल रहता है क्या? मेरे जैसी प्यार करने वाली उनको जिंदगी भर नहीं मिलेगी.'
शादीशुदा थे, फिर भी प्यार हो गया-काजल
शो के बेसमेंट एरिया में जब यूट्यूबर मनीष कश्यप ने काजल राघवानी से पूछा कि पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री में उन्हें किस एक्टर के साथ काम करके सबसे अच्छा लगा, तो काजल ने बिना किसी झिझक के खेसारी लाल यादव का नाम लिया. जब मनीष ने पूछा कि 'खेसारी तो पहले से शादीशुदा थे, फिर उनसे प्यार कैसे हो गया?' तो काजल ने जवाब देते हुए कहा 'मैं दुनिया की पहली लड़की नहीं हूं जिसे किसी शादीशुदा मर्द से प्यार हुआ हो. हम साथ काम कर रहे थे, परिस्थितियां ऐसी बनीं, अट्रैक्शन हुआ और फिर प्यार हो गया.'
फ्री में कोई 5 साल नहीं रहता, जिंदगी भर याद करेंगे खेसारी-काजल
जब मनीष ने उनसे पूछा कि क्या खेसारी की तरफ से भी उतना ही सच्चा प्यार था तो काजल ने कहा 'फालतू में कोई किसी के साथ फ्री में 5 साल गुजारता है क्या? मेरे जैसी प्यार करने वाली लड़की खेसारी को जिंदगी में दोबारा कभी नहीं मिलेगी.वो मुझे जिंदगी भर याद करेंगे और मुझे यकीन है कि आज भी याद करते होंगे.'
शो में रो पड़ीं एक्ट्रेस
खेसारी से जुड़े इस अफेयर की चर्चा के अलावा काजल ने शो के एक अन्य कंटेस्टेंट अनीश भगत के सामने अपनी जिंदगी का सबसे काला पन्ना खोला. काजल ने बताया कि एक रिश्ते के दौरान उन्होंने न सिर्फ मानसिक तनाव झेला, बल्कि घरेलू हिंसा का शिकार भी हुईं. काजल ने रोते हुए खुलासा किया कि जिस इंसान से उन्होंने हद से ज्यादा प्यार किया, उसी ने उनके साथ शारीरिक मारपीट की. हालांकि, काजल ने इस बातचीत के दौरान हिंसा करने वाले शख्स का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया.
ऑन-स्क्रीन सुपरहिट जोड़ी और ब्रेकअप के बाद का विवाद
एक दौर था जब भोजपुरी सिनेमा में खेसारी लाल यादव और काजल राघवानी की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर तहलका मचाती थी. दोनों ने एक से बढ़कर एक सुपरहिट फिल्में दीं. लेकिन पर्दे के पीछे शुरू हुआ यह 5 साल का रिश्ता जब टूटा तो काफी विवाद हुआ. ब्रेकअप के बाद काजल को सोशल मीडिया पर काफी बुरी तरह ट्रोल किया गया था और उन पर कई तरह के आरोप भी लगे थे.
अब सालों बाद रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' के मंच से काजल राघवानी की इन बेबाक टिप्पणियों और छलके आंसुओं ने भोजपुरी इंडस्ट्री और फैंस के बीच एक बार फिर पुरानी यादों और नई चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.
