32 छात्राओं में से 17 ने बताई थी यौन शोषण की दास्तां, आगरा से अरेस्ट हुए स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की पूरी कहानी जान लीजिए
खुद को संत बताने वाले चैतन्यानंद सरस्वती आगरा के होटल से गिरफ्तार. दिल्ली के आश्रम की 17 छात्राओं ने लगाए यौन शोषण, अश्लील संदेश और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप. जानिए पार्थसारथी से स्वामी चैतन्यानंद बने इस शख्स की पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT

पिछले काफी दिनों से कथित यौन शोषण के आरोपों को लेकर चर्चा में आए स्वयंभु संत स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को आगरा से अरेस्ट कर लिया गया है. स्वामी चैतन्यानंद आगरा के ताजगंज इलाके के होटल फर्स्ट में छिपे हुए थे. पुलिस ने इन्हें रविवार तड़के (CCTV में टाइमिंग 3:40 AM) पर आगरा के इस होटल से उठाया. आपको बता दें कि दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट-रिसर्च में एक गंभीर मामला सामने आया था. इसमें करीब डेढ़ दर्जन महिला छात्रों ने संस्थान के पूर्व निदेशक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन शोषण और वित्तीय गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए. आश्रम ने न सिर्फ उन्हें सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया है, बल्कि पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई. इसके बाद से स्वामी चैतन्यानंद गायब हो गए. पुलिस उन्हें देशभर में तलाश रही थी और उनकी गिरफ्तारी के लिए लुक-आउट नोटिस भी जारी किया गया था. आखिरकार जब गिरफ्तारी हो चुकी है, तो आइए आपको विस्तार से खुद को संत बताने वाले स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती की कहानी बताते हैं.