UP Weather Update: यूपी में तेज हवाओं ने पलटा मौसम, कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने दिया ये अलर्ट
UP Weather Update: यूपी में ठंड फिर बढ़ गई है. इसी बीच मौसम विभाग यानी आईएमडी ने यूपी के वेदर को लेकर ये बड़ा अपडेट जारी किया है.
ADVERTISEMENT

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और मैदानी इलाकों में चलने वाली तेज पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए यूपी के कई हिस्सों में घने कोहरे और तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी जारी की है.
पछुआ हवाओं का तांडव: 5 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश में हवाओं की दिशा बदल गई है. अब प्रदेश में 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली बर्फीली पछुआ हवाएं चलने लगी हैं. इन हवाओं के कारण अगले तीन दिनों के भीतर रात के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है. हालांकि दिन में धूप खिलेगी, लेकिन इन बर्फीली हवाओं के सामने सूरज की तपिश बेअसर साबित होगी और लोगों को दिन में भी ठिठुरन का अहसास होता रहेगा.
इन 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
आईएमडी (IMD) ने उत्तर प्रदेश के तराई और पूर्वी इलाकों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है. 5 और 6 फरवरी को प्रदेश के निम्नलिखित जिलों में 'बहुत घना कोहरा' छाए रहने की उम्मीद है:
यह भी पढ़ें...
कुशीनगर
महाराजगंज
सिद्धार्थ नगर
बलरामपुर
श्रावस्ती
बहराइच
इन इलाकों और इनके आसपास के क्षेत्रों में विजिबिलिटी (दृश्यता) 50 मीटर से भी कम रह सकती है, जिससे यातायात पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है.
पहाड़ों पर बर्फबारी का मैदानी इलाकों पर असर
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है. उत्तराखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और पाला पड़ने की खबरें भी आई हैं. पहाड़ों से आ रही इन ठंडी हवाओं ने ही यूपी के मैदानी इलाकों में ठंड का दूसरा दौर शुरू कर दिया है.
अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान
अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आएगी. पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह गिरावट 4 डिग्री तक जा सकती है. दिन के समय आसमान साफ रहेगा और धूप निकलेगी, लेकिन सुबह और रात के वक्त कोहरा और कनकनी बरकरार रहेगी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी सुबह के वक्त दृश्यता शून्य से 30 मीटर तक दर्ज की जा सकती है.
मौसम से जुड़ी हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए बने रहिए uptak.in के साथ.










