UP विधानसभा चुनाव: पांचवें चरण में 2017 के मुकाबले कम पड़े वोट, जानें कहां कितनी वोटिंग

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में राज्य के 12 जिलों की 61 सीटों पर रविवार को 57 फीसदी से अधिक मतदान हुआ. चुनाव…

भाषा

• 03:20 AM • 28 Feb 2022

follow google news

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में राज्य के 12 जिलों की 61 सीटों पर रविवार को 57 फीसदी से अधिक मतदान हुआ. चुनाव आयोग के मुताबिक शाम 6 बजे तक इन जिलों में 57.32 फीसदी वोटिंग हुई. वोटिंग के दौरान प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी गुलशन यादव अपने काफिले पर कथित हमले में मामूली रूप से घायल हो गए. पार्टी ने इस घटना की लिखित शिकायत चुनाव आयोग से की है.

यह भी पढ़ें...

निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, पांचवें चरण में रविवार सुबह सात बजे शुरू होकर मतदान शाम छह बजे तक चला. अमेठी में 55.86 प्रतिशत, बहराइच में 57.07, बाराबंकी में 54.65, चित्रकूट में 61.34, अयोध्या में 58.01, गोंडा में 56.03, कौशांबी में 59.56, प्रतापगढ़ में 52.65, प्रयागराज में 53.77, रायबरेली में 56.60, श्रावस्ती में 57.24 और सुलतानपुर में 56.42 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पांचवें चरण में औसतन 58.24% मतदान हुआ था.

राज्‍य के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि पांचवें चरण में 693 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से 90 महिला प्रत्याशी हैं. इस चरण में 2.25 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते थे.

प्रतापगढ़ जिले के थाना कोतवाली कुंडा के पहाड़पुर बनोही में पूर्वाह्न लगभग 11 बजे समाजवादी पार्टी (सपा) के कुंडा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी गुलशन यादव के काफिले पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे उनके वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और उन्हें मामली चोट आयी है.

पुलिस उपाधीक्षक (क्षेत्राधिकारी) कुंडा अजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सपा के प्रत्याशी गुलशन यादव दौरे पर निकले थे और जैसे ही वह पहाड़पुर बनोही मतदान केंद्र से आगे निकले, कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने चुनाव आयोग से कुंडा में हुई घटना की लिखित शिकायत की है.

उधर, गोंडा में चुनाव शुरू होने से कुछ देर पहले कर्नलगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी और प्रदेश के पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह तथा उनके दो भाइयों समेत 12 लोगों के खिलाफ एक महिला से मारपीट और दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया. महिला का यह भी आरोप है कि वह और उसके परिवार के सदस्य भाजपा के समर्थक हैं इस वजह से उसके खिलाफ यह वारदात हुई.

उल्लेखनीय है कि पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने गृह जिले कौशांबी के सिराथू विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हैं जिनके मुकाबले समाजवादी पार्टी ने अपना दल (कमेरावादी) की नेता पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा है. इसी चरण में अयोध्या से लेकर प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मतदान हुआ.