संचारी रोगों और 'हीट वेव' के खिलाफ बलिया ने कसी कमर: घर-घर दस्तक देंगी आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

बलिया: बलिया में 1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण माह और 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलेगा, डेंगू-मलेरिया व हीट वेव से बचाव के लिए घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.

यूपी तक

• 05:33 PM • 19 Mar 2026

follow google news

बलिया: यूपी के बलिया में संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण माह और 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाएगा। इसको लेकर गुरुवार को विकास भवन में जिलाधिकारी के अध्यक्षता में प्रथम जनपद स्तरीय अंतर विभागीय  जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने निर्देशित किया कि समस्त संबंधित अधिकारी मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिए गए दिशा -निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन करना सुनिश्चित करें एवं संचारी अभियान की समय से कार्य योजना जमा करते हुए उसके  अनुसार समस्त गतिविधियां संपादित करना सुनिश्चित करें। संचारी अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता के लिए संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। 

यह भी पढ़ें...

बैठक मे वेक्टर जनित बीमारियों के नोडल अधिकारी डॉ अभिषेक मिश्रा ने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के लक्षण युक्त मरीजों को भी चिन्हित करने पर जोर रहेगा। अभियान के अंतर्गत ही 10 से 30 अप्रैल तक संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलने वाले दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्त्ता और आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, जेई, एईएस, आईएलआई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस), हीट वेव से बचाव आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने इस वर्ष तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान व्यक्त किया है। आशा कार्यकर्ता दस्तक अभियान में इस संबंध में भी जागरूक करेगी। बुखार के रोगियों की सूची आईएलआई रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, फाइलेरिया, काला जार, कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित सम्पूर्ण विवरण ई–कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। 

इसके साथ ही क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो सूची तैयार कर सम्पूर्ण विवरण ई- कवच पोर्टल पर अपलोड करेगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ता माइक्रोप्लान के अनुसार कार्यक्षेत्र में आने वाले परिवारों के सभी सदस्यों का आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा) सृजन भी अवश्य रूप से करेंगे और वह परिवार को आभा नंबर से अवगत कराएंगे।

जिला मलेरिया अधिकारी राजीव त्रिपाठी ने बताया कि शासन द्वारा उत्तर प्रदेश सहित देश के कई भागों में सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसी स्थिति में वेक्टर जनित और जलजनित रोगों के आउटब्रेक्स अधिक होने की संभावना है। इसी क्रम में शासन से गर्मी के मौसम से संबंधित रोगों के बारे में विभिन्न विभागों के परस्पर समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के लिए शुद्ध एवं शीतल पेयजल की व्यवस्था किये जाने, गर्मी से बचाव के लिए शेल्टर्स की सुविधा, व्यस्त स्थानों पर मौसम के पूर्वानुमान तथा तापमान का डिस्प्ले करने, हीट वेव से बचाव के लिए उपायों का विद्यालयों एवं जनमानस में व्यापक प्रचार प्रसार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य योजना तैयार की जा रही है।

इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग,दिव्यांग जन कल्याण विभाग,कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। जिसमे स्वास्थ्य विभाग नोडल की भूमिका मे होगा।

बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला कार्यक्रम अधिकारी कृष्ण मुरारी पाण्डेय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह साहित संबंधित विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी, पार्टनर संस्थाओ मे पाथ,यूनिसेफ, सी- फॉर संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।