अवैध अस्पतालों पर डीएम का शिकंजा, अस्पतालों की होगी जांच, अनियमितता पर सीज की चेतावनी

बलिया में डीएम ने अवैध और मानक विहीन अस्पतालों पर सख्ती के निर्देश दिए, अप्रैल में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान को लेकर अधिकारियों को अलर्ट किया.

यूपी तक

• 04:27 PM • 19 Mar 2026

follow google news

बलिया: यूपी के बलिया में अवैध और मानक विहीन अस्पतालों के खिलाफ डीएम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन के सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (अप्रैल 2026) की पहली जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल तक तथा दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा.

यह भी पढ़ें...

डीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अभियान के सफल संचालन के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाए. साथ ही सभी निजी अस्पतालों की जांच कराई जाए कि उनका पंजीकरण वैध है या नहीं. किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सीज करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अस्पतालों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाए.

डीएम ने कहा सरकारी अस्पतालों से मरीजों को जानबूझकर रेफर न किया जाए और न ही बाहर की दवाएं लिखी जाएं. गरीब मरीजों को किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अस्पतालों में 24 घंटे चिकित्सकीय स्टाफ उपलब्ध रहे. बैठक में दिव्यांग कल्याण विभाग, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए. उन्होंने निर्देशित किया कि एमओआईसी, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं एएनएम के साथ बैठक कर संचारी रोगों की रोकथाम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाए. 

खंड शिक्षा अधिकारी और बीडीओ भी ब्लॉक स्तर पर बैठक कर जागरूकता फैलाएं

डीएम ने कहा कि 25 मार्च तक नगर पालिका स्तर पर सभासदों, सफाई नायकों, सफाई कर्मचारियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की बैठक सुनिश्चित की जाए और सभी संबंधितों को पत्र जारी किया जाए. सभी कार्यक्रमों को लिखित रूप में जारी करने के निर्देश भी दिए गए. उन्होंने विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार कर सभी विभागों को उपलब्ध कराने और संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया. गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बाजारों और प्रमुख चौराहों को चिन्हित कर शेल्टर व पानी की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए. बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, सीएमओ, अपर सीएमओ एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे.