सहारनपुर: पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चिलकाना क्षेत्र में 50,000 रुपये के इनामी व हिस्ट्रीशीटर बदमाश बिलाल को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ आज पुलिया से बुड्ढाखेड़ा मार्ग पर चेकिंग के दौरान हुई. पुलिस के अनुसार, संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे.
ADVERTISEMENT
पीछा करने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश बिलाल के दोनों पैरों में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है. गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक 32 बोर पिस्टल, 5 जिंदा और 7 खोखा कारतूस, ₹3100 नकद, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है.
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि बिलाल थाना चिलकाना का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर सहारनपुर के विभिन्न थानों में डकैती, लूट, चोरी, रंगदारी, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 28 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. वह हाल ही में सरसावा थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में वांछित चल रहा था. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT









