Sitapur Crime News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र के भिमरी गांव में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई. इस हादसे में महिला के दो बेटे और एक बेटी अनाथ हो गए. पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
यह घटना तब हुई जब अर्चना पत्नी शिवशंकर सरकारी हैंडपंप से पानी भरकर शौच के लिए जा रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें एक निजी वाहन से खैराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. हालांकि, इलाज के दौरान अर्चना की मौत हो गई. इस खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया.
परिजनों ने बताया कि मृतका अर्चना के दो बेटे, 13 वर्षीय शिवा और 10 वर्षीय शुभम, तथा एक सात वर्षीय बेटी दुर्गा है। मां की मौत से तीनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है.
परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार गांव में किया. इसके बाद मानपुर थाने में ट्रैक्टर चालक ललित पुत्र लक्का, निवासी ग्राम मोहकमपुर, थाना मानपुर के खिलाफ तहरीर दी गई.
थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने वाहन को भी कब्जे में लेने के निर्देश दिए.
यह भी पढ़ें: पति गुलफाम को था अपनी पत्नी पर शक, इसी चक्कर में रिश्तेदार शाहिद संग उसने कर दिया बड़ा कांड
ADVERTISEMENT









