UP News: हरीश राणा दिल्ली एम्स में भर्ती हैं और अब डॉक्टरों की टीम कोशिश कर रही है कि कैसे हरीश राणा को इस जीवन से मुक्ति दी जाए. एम्स में डॉक्टरी प्रक्रिया जारी है और हरीश के माता-पिता भी एम्स में ही हैं. आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने हरीश के माता-पिता की याचिका पर ही हरीश को इच्छा मृत्यु दी है.
ADVERTISEMENT
इसी बीच हमने ब्रह्मकुमारी की लवली दीदी से बात की है. बता दें कि हरीश राणा का परिवार ब्रह्मकुमारी से जुड़ा हुआ है. ऐसे में जब हरीश को आखिरी बार उनके घर से एम्स में ले जाया जा रहा था, तभी वहां ब्रह्मकुमारी की दीदियों ने भी हरीश को देखा था, जिसका मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था.
अब हरीश और उनके परिवार के काफी संपर्क में रही ब्रह्मकुमारी की लवली दीदी ने हरीश और इस पूरे मामले को लेकर कई अहम बात बताई है.
मां की वजह से मिली इच्छा मृत्यु
हरीश को लेकर लवली दीदी ने बताया, हरीश की मां ही चाहती थी कि अब बेटे को मुक्त किया जाए. इसलिए मां ने ही हमसे कहा. ये 3 साल पुरानी बात है. उन्होंने कहा कि अब बेटा सही नहीं होगा. मैं चाहती हूं कि बेटे को मुक्त किया जाए. लवली दीदी ने आगे कहा कि मां अपने बेटे हरीश को इस हालत में देख नहीं पा रही थीं. इस केस में जिस वकील मनीष जैन ने परिवार का साथ दिया, उन्होंने भी फ्री में परिवार की कानूनी सहायता की.
एम्स में हरीश के मां-पिता का है ये हाल
लवली दीदी ने बताया, उन्होंने अभी हरीश के पिता अशोक राणा से फोन पर बात की. अशोक राणा ने उन्हें बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं. यहां तक की उनसे ज्यादा अच्छी हालत उनकी पत्नी यानी हरीश की मां निर्मला की है. वह विचलित नहीं हो रही हैं.
हरीश की मां निर्मला कह रही हैं कि अब उनके बेटे के मुक्ति का समय पास आ रहा है. ऐसे में सब शांत रहो. रोना नहीं है किसी को भी. हरीश की मां ने ही सभी को संभाला हुआ है. लवली दीदी का कहना है कि अब परिवार बेटे की मुक्ति का ही एम्स में इंतजार कर रहा है.
हरीश का भाई भी उसकी सेवा में रहा समर्पित
लवली दीदी ने बताया, हरीश का छोटा भाई आशीष काफी अच्छा है. पिछले 2 सालों से उसने इस केस में काफी मदद की है. आशीष ने अपने भाई की खूब सेवा की है. उसने काफी त्याग किया है.
आपको बता दें कि हरीश चंडीगढ़ से बी.टेक कर रहे थे. ये साल 2013 की बात है. उसी साल एक दिन वह हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए. इसके बाद से हरीश कभी बिस्तर से नहीं उठे.
ADVERTISEMENT









