उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में चुनावी हुंकार भरते हुए ममता बनर्जी और टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला है. बंगाल दौरे पर पहुंचे योगी ने राज्य की कानून-व्यवस्था से लेकर जनजातीय अस्मिता तक के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा.
ADVERTISEMENT
'अपराध की राजधानी बन गया है बंगाल'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में टीएमसी शासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल अब 'अपराध की राजधानी' के रूप में तब्दील हो गया है. उन्होंने राज्य की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यहां के नौजवानों के पास रोजगार नहीं है, उद्योग लगातार बंद हो रहे हैं और किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का मुद्दा
सीएम योगी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जिक्र करते हुए ममता सरकार पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन का आरोप लगाया. उन्होंने कहा:
"देश को पहली बार एक जनजातीय महिला राष्ट्रपति मिलीं, लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने उनके स्वागत के लिए कोई प्रतिनिधि तक नहीं भेजा. यह न केवल प्रोटोकॉल का उल्लंघन है, बल्कि देश की सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठी एक जनजातीय महिला का अपमान भी है."
सीएम योगी ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
योगी ने केंद्र की मोदी सरकार और टीएमसी के बीच का अंतर बताते हुए कहा कि जहां भाजपा किसानों और युवाओं की बेहतरी के लिए नीतियां बना रही है, वहीं टीएमसी के कार्यकर्ता विकास कार्यों में रोड़े अटकाने का काम कर रहे हैं. उन्होंने बंगाल की जनता से राज्य की प्रगति के लिए भाजपा का साथ देने की अपील की.
ADVERTISEMENT









