पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है. मेदिनीपुर में आयोजित एक विशाल रैली के दौरान तब बेहद खास पल देखने को मिला, जब बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने अपनी चप्पलें उतारकर और साष्टांग प्रणाम कर सीएम योगी का स्वागत किया. योगी आदित्यनाथ ने गर्मजोशी से शुभेंदु का हाथ थामकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया, जिसके बाद पूरी रैली जय श्रीराम के नारों से गूंज उठी.
ADVERTISEMENT
मेदिनीपुर से अपने प्रचार अभियान का शंखनाद करते हुए योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी सरकार पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल के मालदा, मुर्शिदाबाद और नादिया जैसे सीमावर्ती जिलों में 'डेमोग्राफी' (जनसांख्यिकी) को जानबूझकर बदला जा रहा है. योगी ने इसे हिंदुओं के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए जनता से 'परिवर्तन' की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने बंगाली भाषा और संस्कृति के महत्व को अपनी प्राथमिकता बताया.
आर्थिक मोर्चे पर ममता सरकार को घेरते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो बंगाल कभी देश की उद्यमशीलता और प्रगति का केंद्र हुआ करता था, वह पिछले 15 वर्षों में आर्थिक मंदी की चपेट में आ गया है. उन्होंने वादा किया कि बीजेपी की सरकार आने पर बंगाल को फिर से सांस्कृतिक और आर्थिक ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी के बाद योगी की इस रैली ने बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के अभियान में नई जान फूंक दी है.
ADVERTISEMENT









