2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सुभासपा अध्यक्ष और यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है. आजमगढ़ में हुंकार भरते हुए राजभर ने अपनी और अपने बेटे की सीट को लेकर बड़ा राजनीतिक खुलासा किया. राजभर ने स्पष्ट किया कि वह खुद अतरौलिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. वहीं, अपने बेटे के लिए उन्होंने दीदारगंज सीट से टिकट की दावेदारी पेश की है. वर्तमान में राजभर गाजीपुर की जहूराबाद सीट से विधायक हैं.
ADVERTISEMENT
राजभर ने 'यादवों के गढ़' के भ्रम को चुनौती देते हुए कहा कि 2027 में जनता इस मिथक को तोड़ देगी. उन्होंने एनडीए (NDA) के साथ मजबूती से चुनाव लड़ने का भरोसा जताते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला. राजभर ने AIMIM यूपी चीफ शौकत अली के विवादित बयानों पर आपत्ति जताते हुए उन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की और अखिलेश यादव, राहुल गांधी व मायावती से भी इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ने की अपील की.
राजभर ने किया 'चौका-बेलन' अभियान का ऐलान, क्या है ये?
चुनावों की तैयारी के साथ-साथ राजभर ने जमीन पर पकड़ मजबूत करने के लिए एक नए और अनोखे अभियान 'चौका-बेलन' का भी एलान किया. इस अभियान के तहत पार्टी 50 हजार महिलाओं को जोड़कर घर-घर पहुंचेगी. राजभर ने कहा कि इस मुहिम के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाया जाएगा और विकास की राह में बाधा बनने वालों से जवाब मांगा जाएगा.
ADVERTISEMENT









