Fact Check: बीजेपी नेता संगीत सोम का विवादित बयान वायरल, जानिए क्या है इसकी सच्चाई?

Sangeet Som News: उत्तर प्रदेश के नेता संगीत सोम के बयान और वायरल वीडियो की पूरी सच्चाई इस रिपोर्ट में विस्तार से बताई गई है. राजनीतिक बयानबाजी और चुनावी माहौल का असर यहां समझें.

यूपी तक

• 02:09 PM • 01 Apr 2026

follow google news

पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति के केंद्र मेरठ के भगवानपुर गांव में 30 मार्च को आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व विधायक संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा प्रहार किया. दलित समाज द्वारा आयोजित बाबा साहेब की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम के बाद संगीत सोम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसे लेकर विपक्ष ने उन पर निशाना साधा. हालांकि, संगीत सोम ने इस वीडियो को आधा-अधूरा और तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया करार दिया है.

यह भी पढ़ें...

समाजवादी पार्टी आतंकियों का संरक्षण केंद्र: संगीत सोम

मंच से हुंकार भरते हुए संगीत सोम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी हमेशा से आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त रही है. उन्होंने अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे बाहुबलियों का जिक्र करते हुए कहा कि सपा जब भी सत्ता में आती है, आतंकियों और अपराधियों को संरक्षण देती है. उन्होंने सपा नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि इनके तार और संवेदनाएं पाकिस्तान से जुड़ी रहती हैं.

वायरल वीडियो का पूरा सच और आजम खान का जिक्र

वीडियो वायरल होने के बाद मचे बवाल पर संगीत सोम ने स्पष्टीकरण दिया. उन्होंने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से काटकर दिखाया जा रहा है. असल में, वह सपा के वरिष्ठ नेता आज़म खान द्वारा पूर्व में दिए गए विवादित बयानों का हवाला दे रहे थे और जनता को याद दिला रहे थे कि सपा के नेताओं की मानसिकता क्या रही है. उन्होंने दावा किया कि विरोधी दल चुनाव से पहले उनकी छवि खराब करने के लिए वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं.

2027 के चुनावी रण की आहट

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस बयानबाजी को बेहद अहम माना जा रहा है. संगीत सोम ने दलित समाज के बीच पहुँचकर न केवल बाबा साहेब का सम्मान किया, बल्कि सपा के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्ड को भी चुनौती दी. उन्होंने लोगों से 'धुरंधर' बनने और राष्ट्रविरोधी ताकतों को पहचानने की अपील की.